हो सकता है फिर भाजपा की मदद करें; केजरीवाल के 'I.N.D.I.A' छोड़ने पर कांग्रेस

 


कांग्रेस नेता उदित राज ने अरविंद केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी (आप) पर एक बार फिर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस के कारण ही 'आप' का जन्म हुआ है। उदित राज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल फिर से बाहर से भाजपा की मदद कर सकते हैं। वह दलित विरोधी हैं और सामाजिक न्याय के भी खिलाफ हैं।

उदित राज ने ‘आप’ सांसद संजय सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आप का जन्म भाजपा और आरएसएस की वजह से हुआ। अन्ना हजारे एक व्यक्ति थे और अरविंद केजरीवाल का एक एनजीओ था, लेकिन पर्दे के पीछे से ताकत देने वाले बीजेपी, आरएसएस, बजरंग दल, वीएचपी और एबीवीपी थे। बीजेपी ने उन्हें एक सजाया-संवारा आंदोलन और मंच दिया और इस तरह उनका (आप) जन्म हुआ।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘आप’ विचारधारा बीजेपी और आरएसएस की है। अरविंद केजरीवाल दलित विरोधी हैं और सामाजिक न्याय के भी विरोधी हैं। हमारी विचारधाराएं मेल नहीं खातीं, लेकिन संविधान बचाने के लिए हम साथ आए। अब यह उन पर निर्भर है कि वे गठबंधन छोड़ना चाहते हैं या नहीं। हो सकता है कि वे फिर से बीजेपी की बाहर से मदद करें। हो सकता है कि वे भविष्य में फिर से इंडिया अलायंस में शामिल हों, लेकिन उनके हटने का मतलब यह नहीं है कि इंडिया अलायंस कमजोर हो गया है।

‘आप’ अब ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं : संजय सिंह

‘आप’ ने शुक्रवार को ‘इंडिया’ गठबंधन से अपनी दूरी बनाते हुए कहा कि अब वह विपक्षी गठजोड़ का हिस्सा नहीं है और इसका नेतृत्व करने में कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर सवाल उठाया। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने देश में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए शनिवार शाम ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं की डिजिटल माध्यम से होने वाली बैठक से एक दिन पहले यह टिप्पणी की।सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र से ठीक पहले यह बैठक होने जा रही है। ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन के घटक दल लंबे समय के बाद देश की राजनीतिक स्थिति पर मिलकर विचार-विमर्श करेंगे।

संजय सिंह ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी ने अपना रुख साफ कर दिया है। ‘इंडिया’ गठबंधन लोकसभा चुनाव (2024) के लिए था। हमने दिल्ली और हरियाणा विधानसभा चुनाव अपने बूते लड़ा। हम बिहार विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने जा रहे हैं। हमने पंजाब और गुजरात में उपचुनाव अपने बूते लड़ा। ‘आप’ ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं है। हम लोकसभा में जोरदार तरीके से मुद्दे उठाएंगे। हमने हमेशा एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है।’’

अरविंद केजरीवाल नीत पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करके दिल्ली और हरियाणा में 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था। कांग्रेस की आलोचना करते हुए, उन्होंने विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व करने में उसकी भूमिका पर सवाल उठाया।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘यह बच्चों का खेल नहीं है। क्या लोकसभा चुनाव (2024) के बाद उन्होंने कोई बैठक की? क्या ‘इंडिया’ गठबंधन के विस्तार की कोई पहल हुई? कभी वे अखिलेश यादव की आलोचना करते हैं, कभी उद्धव ठाकरे की, तो कभी ममता बनर्जी की। ‘इंडिया’ को एकजुट रहना चाहिए था। कांग्रेस इस गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है। लेकिन क्या इसने (विपक्षी एकता सुनिश्चित करने में) कोई भूमिका निभाई?’’

सरकार का विरोध करने में ‘आप’ की भूमिका पर संजय सिंह ने कहा कि पार्टी हमेशा से ही सत्तारूढ़ दल का कड़ा विरोध करती रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम पूरी ताकत से ऐसा करेंगे।’’




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ