दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आज जन्मदिन है। इस खास मौके पर देश के तमाम दिग्गज नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर अरविंद केजरीवाल तक, सभी ने रेखा गुप्ता के लिए अपने संदेशों में उनके योगदान की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेखा गुप्ता को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके जमीनी स्तर से शीर्ष तक के सफर की तारीफ की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि रेखा गुप्ता ने हमेशा दिल्ली की सेवा में सक्रियता दिखाई है और मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने शहर के कल्याण के लिए कई पहल की हैं। पीएम ने उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की।
पूर्व सीएम केजरीवाल ने दी शुभकामनाएं
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी रेखा गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करता हूं।"
नेता विपक्ष आतिशी क्या बोलीं?
आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने रेखा गुप्ता को बधाई देते हुए महिला नेतृत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। आप हमेशा स्वस्थ रहें, खुश रहें और दीर्घायु हों।"
योगी आदित्यनाथ ने किया ट्वीट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेखा गुप्ता को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ एवं सुयशपूर्ण जीवन की प्रार्थना है।"
महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस ने भी दी बधाई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं!"
पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में लिखा, 'दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई। मां पूर्णागिरि से आपके आरोग्यपूर्ण, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।'
0 टिप्पणियाँ