मिल्कियत की जंग में ना जाने...; प्रॉपर्टी विवाद में सुनवाई के दौरान शायर बने जज साहब, शायरी सुनाकर बेल दी

 


दिल्ली के एक कोर्ट में जज साहब का शायराना अंदाज दिखा। उन्होंने प्रॉपर्टी विवाद में एक आरोपी को जमानत देते समय एक शायरी सुनाई। दरअसल, एक मां ने अपने बेटे और उसकी पत्नी के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। जज ने कथित घटना की सीसीटीवी फुटेज भी देखी, जसमें कुछ और ही कहानी थी।

अपनी मां की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे के मामले में एक आदमी को जमानत देते समय रोहिणी कोर्ट के जज ने एक शायरी सुनाई। जज साहब ने कहा, "मिल्कियत की जंग में ना जाने कितने अफसाने हुए, कुछ ही अपने थे, वो भी अब शुरू हुए।"

फर्स्ट क्लास जूडिशियल मजिस्ट्रेट रोहित कुमार ने शुक्रवार को नितिन सोनी नामक आदमी के वकील और सरकारी अभियोजक की दलीलें सुनने के बाद उसे जमानत दे दी। आरोपी सोनी को जमानत देते हुए रोहिणी कोर्ट ने कथित घटना की सीसीटीवी फुटेज भी देखी। हालांकि, उसमें कथित कहानी से अलग कहानी दिखाई गई। मां इंदु सैनी ने प्रशांत विहार थाने में अपने बेटे और उसकी पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी गैरहाजिरी में उसका बेटा नितिन ताला तोड़कर वंदना अपार्टमेंट स्थित उनके फ्लैट में घुस गया। 12 जुलाई को जब वह अपनी बेटी के साथ कोर्ट की कार्यवाही से लौटी तो उनका बेटा फ्लैट के अंदर था और वहीं से उन्हें गालियां दे रहा था।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बहू डंडा लेकर आई और उसे पीटा। जमानत पर बहस के दौरान आरोपी के वकील ने दलील दी कि यह अवैध कब्जे का मामला नहीं है। शिकायतकर्ता ने मौखिक समझौते के तहत खुद ही आरोपी को कब्जा दिया था।

 

आरोपी के वकील ने कुछ तस्वीरें भी पेश कीं। इन तस्वीरों से पता चलता है कि आरोपी और उसके परिवार का 10 जुलाई 2025 से पहले ही फ्लैट पर कब्जा था। अदालत ने 14 जुलाई 2025 के सीसीटीवी फुटेज की भी समीक्षा की। इसमें शिकायतकर्ता की बेटी को छड़ और हथौड़े लेकर कुछ लोगों के साथ विवादित फ्लैट में प्रवेश करते हुए दिखाया गया था।

यह दलील दी गई कि पुलिस की मिलीभगत से शिकायतकर्ता द्वारा आरोपी और उसके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोपी के वकील ने यह भी दलील दी कि अभियुक्त के पक्ष में एक वसीयतनामा लिखा गया था, जिसके अनुसार वह विवादित संपत्ति का पूर्ण स्वामी है। उक्त वसीयतनामे के लिए एक प्रोबेट याचिका संबंधित कोर्ट में लंबित है।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ