Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

ISKCON Noida Janmashtami Celebration: फूलों से सजेगा इस्कॉन मंदिर, भगवान को लगेगा 251 व्यंजनों का विशेष भोग

  नोएडा में 23 अगस्त को निकलेगी कृष्ण जन्माष्टमी की भव्य शोभायात्रा नोएडा, 22 अगस्त 2026 : भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्म...

 

नोएडा में 23 अगस्त को निकलेगी कृष्ण जन्माष्टमी की भव्य शोभायात्रा

नोएडा, 22 अगस्त 2026 : भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन नोएडा की ओर से भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य महोत्सव 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को इस्कॉन नोएडा के प्रमुख मंदिर में होगा। इस वर्ष मुख्य मंदिर के साथ सेक्टर-151 एक्सप्रेसवे, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी और जेवर में भी जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को उत्सव में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

जन्माष्टमी महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार, 23 अगस्त 2026 को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शाम 3:30 बजे सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे से शुरू होकर अट्टा मार्केट, सब मॉल, डीएम चौक, स्टेडियम, चौड़ा चौक और एडोब चौक होते हुए शाम 6:30 बजे इस्कॉन नोएडा मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा में विभिन्न भक्त समूह हरिनाम संकीर्तन करेंगे। श्री श्री कृष्ण-बलराम के सुसज्जित विग्रह यात्रा की अगुवाई करेंगे और मार्ग में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर पहुंचने पर शाम 6:30 बजे सभी के लिए डिनर प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। आयोजन में करीब 1,500 भक्तों के शामिल होने की उम्मीद है।

इस्कॉन नोएडा में 23 से 28 अगस्त तक झूलन यात्रा भी आयोजित की जाएगी। इस दौरान भगवान श्री राधा-कृष्ण को फूलों से सजे झूले पर विराजमान कर भक्त श्रद्धाभाव से झूला झुलाएंगे। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया जाएगा तथा भगवान का विशेष अभिषेक किया जाएगा। भगवान को 251 से अधिक प्रकार के देशी-विदेशी व्यंजन अर्पित किए जाएंगे, जिनमें खीर, हलवा, सब्जियां, स्नैक्स और केक शामिल होंगे।

जन्माष्टमी के दिन मंदिर में भगवान के दर्शन प्रातः 4:30 बजे से रात्रि 12 बजे तक खुले रहेंगे। पूरे दिन हरिनाम संकीर्तन और श्रद्धालुओं के लिए प्रसादम वितरण की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों ने नोएडा और आसपास के लोगों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाने का आह्वान किया है।







कोई टिप्पणी नहीं