जंतर-मंतर पर आर्थिक आधार आंदोलन, प्रवीण अरोरा ने 30 अगस्त भारत बंद का किया ऐलान नई दिल्ली, 20 अगस्त 2026 : दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रवीण अरो...
जंतर-मंतर पर आर्थिक आधार आंदोलन, प्रवीण अरोरा ने 30 अगस्त भारत बंद का किया ऐलान
नई दिल्ली, 20 अगस्त 2026 : दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रवीण अरोरा के नेतृत्व में आर्थिक आधार आंदोलन आयोजित किया गया। आंदोलन में विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को लेकर विचार रखे गए तथा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपा गया। आंदोलनकारियों ने सामाजिक विभाजन को समाप्त कर विभिन्न वर्गों को एकजुट करने और आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने की मांग उठाई।
आंदोलन की अगुवाई करते हुए प्रवीण अरोरा ने 30 अगस्त 2026 को शांतिपूर्ण भारत बंद का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बंद सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक आधार आंदोलन का उद्देश्य एससी, एसटी, ओबीसी और सामान्य वर्ग के बीच बनी सामाजिक दूरी को समाप्त कर राष्ट्र की जनता को एक सूत्र में जोड़ना है। उन्होंने बेरोजगारी, किसानों की आत्महत्या, युवाओं और विद्यार्थियों की आत्महत्या, मजदूरों की स्थिति तथा प्रतिभाशाली लोगों के पलायन जैसे मुद्दों को भी उठाया।
प्रवीण अरोरा ने निजी क्षेत्र में जातिगत आरक्षण लागू किए जाने का विरोध किया। उन्होंने सरकारों और राजनीतिक दलों से आर्थिक आधार को केंद्र में रखकर नीतियां बनाने की अपील की। उन्होंने निजी क्षेत्र से भी 30 अगस्त के भारत बंद में सहयोग करने का आह्वान किया। आंदोलन के दौरान उन्होंने कहा कि संघर्ष के माध्यम से ही समाधान निकलेगा और उनका संगठन आर्थिक आधार की मांग को लेकर आगे भी अभियान जारी रखेगा।
आंदोलनकारियों ने 30 अगस्त के भारत बंद को शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाने के लिए एससी, एसटी, ओबीसी और सामान्य वर्ग सहित देशवासियों से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के अंत में आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को लेकर नारे लगाए गए। आयोजकों ने कहा कि उनका उद्देश्य जातिगत विभाजन के बजाय आर्थिक स्थिति को आधार बनाकर जरूरतमंद लोगों को अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जनमत तैयार करना है।
.jpeg)

कोई टिप्पणी नहीं