Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

Etawah Mother Daughter Murder News: भरथना के चंदेठी में मां-बेटी के शव पहुंचते ही कोहराम, अंतिम संस्कार के समय रो पड़ा पूरा गांव

मां-बेटी के शव गांव पहुंचे तो मचा कोहराम, पति के विलाप से गमगीन हुआ माहौल भरथना/इटावा, 19 अगस्त 2026 :  चंदेठी गांव में मां-बेटी की हत्या के...


मां-बेटी के शव गांव पहुंचे तो मचा कोहराम, पति के विलाप से गमगीन हुआ माहौल

भरथना/इटावा, 19 अगस्त 2026 : चंदेठी गांव में मां-बेटी की हत्या के बाद मंगलवार शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव गांव स्थित आवास पर पहुंचे तो कोहराम मच गया। शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और हर आंख नम नजर आई। परिजन पुष्पा देवी (55) और उनकी विवाहित बेटी निर्मला उर्फ मंजू देवी (38) के शवों से लिपटकर बिलख पड़े। पति सुरेश चंद्र पत्नी और बेटी का शव देखकर फफक पड़े और बार-बार कहते रहे, “मेरी तो बगिया उजड़ गई।” उनके करुण विलाप से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।


सोमवार सुबह चंदेठी गांव स्थित घर में मां-बेटी के शव खून से लथपथ हालत में मिले थे। दोनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। घटनास्थल से चारपाई के पास एक धारदार दरांती भी बरामद हुई थी, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया। बताया गया कि निर्मला उर्फ मंजू देवी वर्ष 2021 में विवाह के कुछ माह बाद से मायके में रह रही थी और उसके ससुराल पक्ष से विवाद चलने की बात सामने आई है।


पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की निगरानी में दोनों शव गांव से कुछ दूरी पर बंबा किनारे निजी खेत की भूमि पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाए गए। शाम करीब छह बजे पुष्पा देवी को उनके पति सुरेश चंद्र और निर्मला उर्फ मंजू देवी को उनके भाई नंदकिशोर उर्फ नंदू ने मुखाग्नि दी। गमगीन माहौल में मां-बेटी को अंतिम विदाई दी गई।

पुलिस के अनुसार दोहरे हत्याकांड में एक आरोपी मुकेश को सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि दूसरे मुख्य आरोपी सतेंद्र की तलाश में थाना पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। सर्विलांस और क्राइम ब्रांच समेत कुल चार टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।







 

कोई टिप्पणी नहीं