भरथना में कार से सहायक अध्यापक का शव मिला, रक्षाबंधन पर परिवार में पसरा मातम भरथना/इटावा, 28 अगस्त 2026 : कस्बे के जवाहर रोड स्थित एक किराए ...
भरथना में कार से सहायक अध्यापक का शव मिला, रक्षाबंधन पर परिवार में पसरा मातम
भरथना/इटावा, 28 अगस्त 2026 : कस्बे के जवाहर रोड स्थित एक किराए के मकान की पार्किंग में शुक्रवार सुबह कार की ड्राइविंग सीट पर सहायक अध्यापक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कार अंदर से लॉक थी और उसमें से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर शव को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान संजीव कुमार (38) पुत्र सुमित नारायण निवासी ग्राम पेतुआ बघईपुर, थाना अछल्दा, जनपद औरैया के रूप में हुई। वह अछल्दा क्षेत्र के चिम्कुनी स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे और करीब एक वर्ष से भरथना के जवाहर रोड स्थित किराए के मकान में रह रहे थे। चिकित्सकों के अनुसार शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार संजीव के बड़े भाई सुखवीर यादव महोबा में एडीएम पद पर तैनात हैं। संजीव की पत्नी संध्या और 11 वर्षीय बेटी हर्षिता इटावा में रहती हैं। वह भरथना में बजरंग राइस मिल के पास अपना मकान भी बनवा रहे थे।
रक्षाबंधन के दिन भाई की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बहन भाई को याद कर बिलख उठी। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

.jpeg)
.jpeg)
कोई टिप्पणी नहीं