रक्षा बंधन पर भरथना के आर्य समाज मंदिर में विशेष यज्ञ का आयोजन भरथना/इटावा, 28 अगस्त 2026 : मोहल्ला गली गोदाम स्थित आर्य समाज मंदिर में रक्...
रक्षा बंधन पर भरथना के आर्य समाज मंदिर में विशेष यज्ञ का आयोजन
भरथना/इटावा, 28 अगस्त 2026 : मोहल्ला गली गोदाम स्थित आर्य समाज मंदिर में रक्षा बंधन पर्व के अवसर पर विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्य समाज से जुड़े लोगों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां दीं। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
पं. राजेश आर्य और सतेंद्र आर्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया। इस दौरान उन्होंने रक्षा बंधन पर्व के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और आपसी विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने यज्ञ को भारतीय वैदिक परंपरा का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए इसके आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वकल्याण की कामना की। वैदिक मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक बना रहा।
इस अवसर पर ओमप्रकाश आर्य, नंदकिशोर आर्य, सत्यभान आर्य, मोहन आर्य, वैभव आर्य, ऋषभ आर्य, अतुल आर्य सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं