नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश ...
नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दानिश, अप्पू उर्फ संदीप, विकास, साहिल उर्फ शुभम, शरद सिंह देव और सूरज कुमार गुप्ता को सेक्टर-27 स्थित कैलाश कट के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में रेकी करने के बाद मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन चोरी करते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल राहगीरों से मोबाइल स्नैचिंग और अन्य आपराधिक वारदातों में किया जाता था। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, .315 बोर का एक अवैध तमंचा और तीन अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, अप्पू उर्फ संदीप के खिलाफ छह, विकास के खिलाफ पांच और साहिल के खिलाफ छह आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि सूरज कुमार गुप्ता का भी आपराधिक इतिहास बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

.jpeg)

कोई टिप्पणी नहीं