नोएडा। सेक्टर-61 स्थित श्री स्वर्ण क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले वार्षिक रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल र...
नोएडा। सेक्टर-61 स्थित श्री स्वर्ण क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले वार्षिक रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष प्रथम भव्य सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रथ यात्रा महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब दो हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। हिन्दू सम्मेलन समिति, रॉयल गार्डन एस्टेट मंदिर समिति और सामुदायिक विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में नोएडा के ओड़िया एवं गैर-ओड़िया समुदाय के लोग भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन मोहान्ति ने बताया कि रथ यात्रा के सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महोत्सव की शुरुआत 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा से हुई। इसके बाद 14 जुलाई को नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन, 16 जुलाई को रथ यात्रा, 24 जुलाई को बहुदा यात्रा, 25 जुलाई को सुना वेश और 27 जुलाई को नीलाद्रि बीजे का आयोजन वैदिक परंपराओं एवं धार्मिक विधि-विधान के अनुसार किया जाएगा।
समिति की सचिव नीरूपमा शर्मा और नमित गौतम ने बताया कि इस बार भगवान के रथ को घोड़ा गाड़ी के माध्यम से निकाला जाएगा, जबकि अगले वर्ष पारंपरिक रथ का निर्माण कराया जाएगा। यात्रा के दौरान सुरक्षा, शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए आयोजन समिति की कार्यकारिणी के साथ करीब 200 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। रथ यात्रा के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत 16 से 23 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक भागवत कथा एवं जगन्नाथ कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सहारनपुर के आचार्य अजय किरण कथा प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव के मुख्य अतिथि का चयन शीघ्र किया जाएगा, जो भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ रस्म अदा करेंगे।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। समिति के अनुसार, धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता के इस महापर्व को सेक्टर-61, 52, 53 और 33 सहित पूरे नोएडा क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव में शामिल होने के लिए सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, उपाध्यक्ष प्रमोद भल सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है।
.jpeg)


कोई टिप्पणी नहीं