Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

मासूम की जान पर भारी पड़ी प्राधिकरण की लापरवाही, खुले गटर में गिरा 10 वर्षीय बच्चा

ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही के कारण एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे की जान खतरे में पड़ गई। सड़क किनारे खुले पड़े गहरे ...


ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही के कारण एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे की जान खतरे में पड़ गई। सड़क किनारे खुले पड़े गहरे गटर में बच्चा अचानक गिर गया। बच्चे को गटर में गिरता देख उसकी मां ने चीख-पुकार मचाई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे परिवहन विभाग के पीटीओ राजेश मोहन और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।



घटना यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में यथार्थ हॉस्पिटल के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे स्थित गटर का ढक्कन खुला हुआ था। वहां से गुजरते समय 10 वर्षीय बच्चे का पैर फिसल गया और वह गहरे गटर में जा गिरा। बच्चे को खतरे में देख उसकी मां मदद के लिए पुकारने लगी।




मां की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे पीटीओ राजेश मोहन और उनकी टीम ने तुरंत वाहन रुकवाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को गटर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।


घटना के बाद स्थानीय लोगों में संबंधित प्राधिकरण और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि व्यस्त सड़कों और बड़े अस्पतालों के आसपास खुले गटर गंभीर हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से खुले गटरों को तत्काल बंद कराने और ऐसी लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बच्चे की जान बचाने वाले पीटीओ राजेश मोहन और उनकी टीम की स्थानीय लोगों तथा सोशल मीडिया पर सराहना की जा रही है।








कोई टिप्पणी नहीं