Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

सौरभ भारद्वाज की फर्जी फोटो पर विवाद: भाजपा ने किया पलटवार, डिलीट हुआ ट्वीट

  आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक ऐसा फोटो पोस्ट किया, जिसे ...

 


आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक ऐसा फोटो पोस्ट किया, जिसे बाद में उन्हें डिलीट करना पड़ गया। दरअसल जिस फोटो को उन्होंने शेयर किया था, उसमें एक सड़क दिखाई दे रही थी, जिसके बीचों-बीच एक बड़ा सा गड्ढा हो गया था, और उसमें एक इलेक्ट्रिक ऑटो समाया हुआ दिखाई दे रहा है। इस फोटो को भारद्वाज ने दिल्ली के चांदनी चौक इलाके के बताते हुए शेयर किया था, और उसके साथ लिखा कि 'चांदनी चौक, एक वोट की ताकत'।

हालांकि कुछ वक्त बाद जब यह स्पष्ट हो गया कि यह फोटो फर्जी है, तो बाद में सौरभ भारद्वाज ने अपनी पोस्ट को डिलीट कर दिया। इसके बाद भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर सिंह बग्गा ने भारद्वाज की डिलीट की हुई पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया, और इसके साथ ही उनकी जमकर खिंचाई कर दी। अपनी पोस्ट के जरिए बग्गा ने सौरभ भारद्वाज की राजनीति बताने की कोशिश की।

अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बग्गा ने लिखा, 'सौरभ भारद्वाज की राजनीति एक ट्वीट में.. फर्जी फोटो, फर्जी गुस्सा, असली शर्मिंदगी, डिलीट किया गया ट्वीट'। अपनी पोस्ट के साथ बग्गा ने चांदनी चौक का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वहां सबकुछ सामान्य दिखाई दे रहा था। भाजयुमो के राष्ट्रीय सचिव की पोस्ट को दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने भी रिपोस्ट किया।

उधर डिलीट की हुई पोस्ट के बाद सौरभ भारद्वाज ने सड़कों की बदहाली दिखाने वाली एक अन्य पोस्ट को रिपोस्ट किया। जिसमें शहर के स्वरूप नगर का एक वीडियो शेयर किया गया था, और कुछ लड़कियों को ट्रांसफार्मर के आसपास लगी जालियां पकड़कर सड़क पार करते हुए दिखाया गया था। दरअसल सड़क पर पानी भरा होने की वजह से ये स्कूली बच्चियां सड़क के किनारे चलकर आगे बढ़ रही थीं और रास्ते में ट्रांसफार्मर आने पर उसकी जाली के सहारे स्कूल जा रही थीं। इस वीडियो को जिस शख्स ने शेयर किया था, उसने लिखा, 'स्वरूप नगर, दिल्ली-110042 का यह मुख्य रास्ता वर्षों से अधूरा पड़ा है। इसी रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और स्थानीय निवासी गुजरते हैं, लेकिन जलभराव और टूटी सड़क के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।'

इसी पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए भारद्वाज ने लिखा, 'यह बहुत खतरनाक है। किसी स्टूडेंट को करंट लग सकता है। कम से कम टैग किए गए मिनिस्टर को तो जवाब देना चाहिए था।' दरअसल उस वीडियो को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा को टैग किया गया था। इसी वजह से भारद्वाज ने उन दोनों पर निशाना साधा।








कोई टिप्पणी नहीं