मौसम विभाग ने पूरे दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में कई सड़कें नदियां नजर आईं।...
मौसम विभाग ने पूरे दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में कई सड़कें नदियां नजर आईं। जगह-जगह भारी जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम हो रहा है। भारी बारिश से हाहाकार का आलम यह है कि नोएडा के सेक्टर 62 में इमारत का ऊपरी हिस्सा गिर गया। मलबे में कई वाहन दब गए। उधर, नई दिल्ली में सड़क पर पेड़ उखड़कर गिर गए। इस बीच नोएडा से एक डरावनी तस्वीर भी सामने आई। सबसे ऊंची इमारत पर बादल उतर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है।
सोशल मीडिया पर सामने आई यह तस्वीर नोएडा के सेक्टर-94 की है। यहां सबसे ऊंची इमारत सुपरनोवा स्पाइरा टॉवर की ऊपरी मंजिलों को भारी, घने और काले बादलों ने पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। उधर, रात भर हुई बारिश के कारण सुबह सड़कों पर पानी भरा रहा और कई पेड़ उखड़ गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में दिनभर के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
नोएडा में इमारत का हिस्सा ढहा, कई वाहन दबे
नोएडा सेक्टर-62 स्थित आई फोर्ट बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा भारी बारिश में भरभराकर गिर गया। मलबा नीचे खड़ी कई गाड़ियों पर आ गिरा। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अभी भी मलबा गिरने का खतरा बना हुआ। घटना थाना सेक्टर-58 क्षेत्र की है, गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। उधर, नेशनल हाईवे 9 पर शांति नगर अंडरपास के पास बारिश के बाद जल भराव हो गया है। यहां वाहन काफी धीमी रफ्तार से गुजर रहे हैं।
दिल्ली में कहां कितनी बारिश हुई?
आईएमडी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड मौसम केंद्र में 80.2 मिलीमीटर, रिज में 77.8 मिलीमीटर, पालम में 63.0 मिलीमीटर और आयानगर में 57.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
भारी बारिश के कारण जलभराव, सरकार अलर्ट
भारी बारिश के बाद जलभराव को रोकने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। आईएमडी के अनुसार, शहर में सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने कहा कि शहर की सभी मुख्य सड़कों पर जलभराव की स्थिति नियंत्रण में है और लोक निर्माण विभाग, दिल्ली नगर निगम और दिल्ली जल बोर्ड की टीमें मौके पर तैनात हैं।
दिल्ली में कहां-कहां जलभराव
विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के इलाकों, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार और द्वारका सहित शहर के कई हिस्सों में जलभराव देखा गया। जलभराव के कारण दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही, जबकि कई यात्रियों और निवासियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी शेयर की। मौसम विशेषज्ञों ने पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश का कारण मध्य भारत से हिमालय की तलहटी की ओर उत्तर की ओर खिसक रही मौसमी मॉनसून ट्रफ को बताया है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं