भरथना/इटावा, 11 जुलाई 2026। कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में पुलिस क्षेत्राधिकारी आर.डी. मौर्य और प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिं...
भरथना/इटावा, 11 जुलाई 2026। कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में पुलिस क्षेत्राधिकारी आर.डी. मौर्य और प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पत्तापुरा सिन्हुआ गांव के करन सिंह ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी हिस्सेदारी की कृषि भूमि पर जबरन कब्जा कर जुताई कर ली गई है। उन्होंने खेत पर जाने पर विपक्षियों द्वारा जान से मारने और सीने में छर्रा मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए कब्जा दिलाने की मांग की।
बाहरपुर गांव के अनीश, धर्मेंद्र, इसराइल, शमशुद्दीन, श्यामसुंदर, राजीव कुमार, रामशंकर सहित अन्य ग्रामीणों ने तालाब पर अतिक्रमण और पुलिया बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए गांव की मुख्य गली में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। वहीं नगला बाग गांव के कमलेश कुमार ने चकरोड से अतिक्रमण हटाने, नगला रामलाल निवासी अरविंद कुमार ने ग्राम सभा की भूमि का सीमांकन कराने तथा डाड़ी गांव के हृदयराम ने आबादी की भूमि पर कब्जा रोके जाने की मांग की। इसके अलावा अन्य फरियादियों ने भी विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
थाना समाधान दिवस के दौरान उपनिरीक्षक इंदु हसन, लेखपाल अजय यादव, मनीष कुमार सहित अन्य राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं