भैरवगंज। क्षेत्र के बांसगांव मंझरिया स्थित प्राचीन अद्भुतनाथ मंदिर परिसर में स्वर्गीय गोविंदानन्द गिरि महाराज की स्मृति में श्रद्धांजलि सभ...
भैरवगंज। क्षेत्र के बांसगांव मंझरिया स्थित प्राचीन अद्भुतनाथ मंदिर परिसर में स्वर्गीय गोविंदानन्द गिरि महाराज की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे संत-महंतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में संत-महंतों ने गोविंदानन्द गिरि महाराज के आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच षोडशी पूजन संपन्न हुआ, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
कार्यक्रम में बनारस से पहुंचे निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर एवं अद्भुतनाथ मंदिर के महंत स्वामी आशुतोषानन्द गिरि महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धांजलि सभा में शामिल संत-महंतों का अंगवस्त्र और दक्षिणा देकर सम्मान किया तथा उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण रहा। स्थानीय लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं