ग्रेटर नोएडा के दहेज हत्या मामले में मृतक निक्की भाटी के जेठ को भी नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक की यह तीसरी गिरफ्...
ग्रेटर नोएडा के दहेज हत्या मामले में मृतक निक्की भाटी के जेठ को भी नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक की यह तीसरी गिरफ्तारी है। गिरफ्तार किया गया जेठ रोहित भाटी निक्की की बड़ी बहन कंचन का पति है। अब सिर्फ निक्की का ससुर सत्यवीर ही पुलिस की गिरफ्त से दूर बना हुआ है।
पुलिस ने निक्की के पति विपिन और सास दया को रविवार को गिरफ्तार किया था, जिन पर दहेज की मांग को लेकर उसकी हत्या करने का आरोप है। विपिन भाटी को पुलिस एनकाउंटर में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया था और उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बता दें कि, बीते 21 अगस्त की रात निक्की भाटी को जिंदा जलाकर मार डाला गया था।कासना थाना पुलिस ने निक्की भाटी की बहन और प्रत्यक्षदर्शी कंचन की शिकायत के आधार पर शुक्रवार को निक्की के पति विपिन, सास दया, ससुर सत्यवीर भाटी और जेठ रोहित भाटी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 103 (1), 115(2) और 61 (2) के तहत एफआईआर दर्ज की थी।
बेटी की मौत के बाद निक्की के पिता भिखारी सिंह ने बताया कि उसकी दो बेटियों कंचन (29) और निक्की (26) की शादी 2016 में सिरसा गांव के रहने वाले रोहित भाटी और विपिन भाटी से हुई थी। दहेज के लोभी ससुराल वाले शादी के बाद से ही दोनों बेटियों को प्रताड़ित कर रहे थे और दहेज की मांग कर रहे थे। उन्होंने एक स्कॉर्पियो कार मांगी, जो हमने उन्हें दे दी और फिर एक बुलेट मांगी, वो भी हमने उन्हें दे दी। उनकी मांगें दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही थीं। और उसके बाद वे हमसे 36 लाख रुपये मांगने लगे। पिता ने दावा किया कि विवाद को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत आयोजित की गई, लेकिन सभी प्रयास व्यर्थ गए।
कोई टिप्पणी नहीं