कथित तौर पर दहेज के लिए जलाकर मार दी गई ग्रेटर नोएडा की निक्की भाटी (28) के मामले में कुछ नए तथ्य सामने आए हैं। पता चला है कि निक्की और उसके...
कथित तौर पर दहेज के लिए जलाकर मार दी गई ग्रेटर नोएडा की निक्की भाटी (28) के मामले में कुछ नए तथ्य सामने आए हैं। पता चला है कि निक्की और उसके पति विपिन भाटी के बीच इंस्टाग्राम और पार्लर दोबारा खोलने की इच्छा को लेकर भी झगड़ा चला रहा था। विपिन भाटी और उसका परिवार नहीं चाहता था कि निक्की इंस्टाग्राम पर रील्स डाले और पार्लर का काम दोबारा शुरू करे।
विपिन भाटी के बाद निक्की की सास दया भाटी और जेठ रोहित भाटी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। विपिन को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था और उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विपिन से पूछताछ के बाद पुलिस ने नए तथ्यों का खुलासा किया है। एक जांचकर्ता ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया, 'पत्नी को जलाने के बाद आरोपी अपने घर से भाग गया था और रिश्तेदार के घर पहुंचा। उसने बताया कि वह पार्लर कारोबार के खिलाफ था।'
दहेज हत्याकांड में अब तक की जांच के बाद यह भी सामने आया है कि विपिन नहीं चाहता था कि निक्की दोबारा अपना पार्लर चलाए और रील्स बनाए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 21 अगस्त को निक्की और उसके पति विपिन के बीच पार्लर को लेकर बहुत झगड़ा हुआ था।
उस दिन करीब 3:30 बजे निक्की की हत्या कर दी गई, उसने विपिन को दोबारा पार्लर शुरू करने के अपने प्लान के बारे में बताया था। शाम को करीब 5:30 बजे निक्की के परिवार को बेटी की मौत की सूचना दी गई। कासना के एसएचओ धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया, 'विपिन ने निक्की को बताया था कि उसके परिवार में रील्स बनाना और पार्लर चलाने की अनुमति नहीं है। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया था और विपिन ने उसने पीटना शुरू कर दिया।'
निक्की की बहन कंचन भी इसी परिवार की बहू है। निक्की ने पुलिस को बताया था कि उसके ससुरालवालों ने बहन के सिर में चोट मारी थी और उस पर एसिड भी फेंका था। उसके परिवार का आरोप है कि 35 लाख रुपये दहेज की मांग की गई थी। पुलिस के मुताबिक विपिन के भाई रोहित की पत्नी कंचन संग भी मारपीट होती थी, लेकिन उस दिन वह बीमार थी और आईवी ड्रिप लगा हुआ था।
कंचन और निक्की इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर एक्टिव थे। वे पार्लर का चैनल चलाते थे। चैनल का नाम था- मेकओवर बाय कंचन। इस इंस्टाग्राम अकाउंट पर 54 हजार फॉलोअर्स थे। दोनों बहनों के पर्सनल अकाउंट भी थे। कंचन के 22000 फॉलोअर्स थे और निक्की के अकाउंट पर 1,147 फॉलोअर्स थे, उसका अकाउंट प्राइवेट था। जो कॉटेंट उन्होंने एक साथ डाले थे उन पर 2.9 मिलियन व्यूज आए थे। निक्की के भाई रोहित गुर्जर ने आरोप लगाया कि शादी के दो साल बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज खासकर लग्जरी कारों की मांग शुरू कर दी थी। उसने कहा कि शादी को 9 साल हुए थे और इस दौरान कई बार दहेज को लेकर विवाद के बाद निक्की मायके आई थी।
कोई टिप्पणी नहीं