Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

दिल्ली में धोखाधड़ी और 2 किलो सोना चुराकर विदेश भाग गया था दंपति, 6 साल बाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार

दिल्ली में संपत्ति धोखाधड़ी और सोना चोरी करने के आरोप में पिछले छह साल से फरार एक दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को ...


दिल्ली में संपत्ति धोखाधड़ी और सोना चोरी करने के आरोप में पिछले छह साल से फरार एक दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान 48 साल के शरद ढींगरा और उसकी 45 साल की पत्नी राखी ढींगरा के रूप में हुई है। दंपति दिल्ली के इंद्रपुरी के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि छह साल तक फरार रहने के बाद इस जोड़े को 21 अगस्त को अमृतसर हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह दंपति 2019 में एक महिला से कथित तौर पर सोना और पैसे ठगने के बाद विदेश भाग गया था। उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। पुलिस के अनुसार, दंपति के खिलाफ 2019 में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि दंपति ने उसे शक्ति नगर में एक संपत्ति खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया।

बयान में कहा गया कि इसके बाद उन्होंने एक व्यवसाय में निवेश करने के बहाने सोने के लगभग 140 सिक्के और बिस्कुट (लगभग 2 किलोग्राम) चुरा लिए। अधिकारी ने कहा कि पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने उसे आगे की तारीख वाले चेक थमा दिए, लेकिन हस्ताक्षरों की गड़बड़ी के कारण ये बाउंस हो गए। जब ​​पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो दंपति ने कथित तौर पर उस पर दबाव बनाने के लिए इंटरनेट पर उसके और उसके परिवार के खिलाफ अपमानजनक सामग्री शेयर कर दी।


जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी दंपति प्राथमिकी दर्ज होने से पहले ही देश छोड़ चुका था। दंपति ने समन का कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया गया। उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया।


पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को दोनों को भारत लौटने पर अमृतसर हवाई अड्डे से पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने धोखाधड़ी की बात स्वीकार की और गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश भागने की बात भी कबूल की। ​​उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।




कोई टिप्पणी नहीं