दिल्ली पुलिस ने कई मामलों में वांटेड एक महिला हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। वह दो साल से अधिक समय से फरार थी। उस पर 2023 में महाराष्ट्...
दिल्ली पुलिस ने कई मामलों में वांटेड एक महिला हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। वह दो साल से अधिक समय से फरार थी। उस पर 2023 में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत भी मामला दर्ज किया गया था।
दिल्ली पुलिस ने कई मामलों में वांटेड 58 साल की एक महिला को सेंट्रल दिल्ली से गिरफ्तार किया है। वह दो साल से अधिक समय से गिरफ्तारी से बच रही थी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी की रहने वाली मीता, 2023 में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत दर्ज एक मामले में वांछित थी।
सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी निधिन वलसन ने बताया कि आरोपी महिला एक कुख्यात शराब और ड्रग तस्कर है। उसके खिलाफ 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने आगे बताया कि वह नंद नगरी थाने की हिस्ट्रीशीटर भी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मध्य दिल्ली स्थित दिल्ली मिल्क स्कीम (डीएमएस) बूथ के पास किसी से मिलने आएगी। डीसीपी ने बताया कि इसके बाद जाल बिछाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वाल्सन ने कहा कि पूछताछ के दौरान मीता ने पुलिस को बताया कि वह कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में आ गई थी। उसकी पहली गिरफ्तारी 1985 में आबकारी अधिनियम के तहत हुई थी।
डीसीपी ने बताया कि मीता अपने साथियों के साथ मिलकर शराब और नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार में शामिल एक गिरोह चलाती रही। इस वजह से 2023 में उस पर मकोका लगाया गया। मामला दर्ज होने के बाद वह छिप गई और गिरफ्तारी से बचने के लिए जगह बदलती रही।
अधिकारी ने बताया कि उसके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड में एनडीपीएस अधिनियम, आबकारी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत मामले शामिल हैं। इनमें मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब की तस्करी से लेकर हमला करना, सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालना और अपराधियों को शरण देना शामिल है।
कोई टिप्पणी नहीं