दिल्ली पुलिस ने सरोजिनी नगर इलाके में एक एनकाउंटर के बाद टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी द...
दिल्ली पुलिस ने सरोजिनी नगर इलाके में एक एनकाउंटर के बाद टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का सदस्य मंजीत उर्फ दादा अलीपुर में दर्ज किए गए हत्या के एक मामले में वॉन्टेड बताया जाता है।
सोमवार को उसे प्रतिद्वंद्वी गोगी गिरोह से जुड़े करण थापा की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। थापा की 28 मार्च 2025 को अलीपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मंजीत की गतिविधियों के बारे में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सरोजिनी नगर में जाल बिछाया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस टीम ने मंजीत को रोका तो उसने भागने की कोशिश की और गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी कुछ राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। इस मुठभेड़ में दोनों पक्षों में कोई भी घायल नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले मंजीत के खिलाफ हत्या की कोशिश, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन समेत कम से कम छह मामले पहले से दर्ज हैं। अलीपुर हत्याकांड के बाद से वह गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।
कोई टिप्पणी नहीं