Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

आईफोन दिला देंगे... 9वीं के छात्र को लालच देकर लूट ली 8 लाख की ज्वेलरी, पुलिस ने दबोचा

गाजियाबाद के मोदीनगर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो लोगों ने 14 साल के नाबालिग को आईफोन दिलाने का लालच देकर उससे 8 लाख र...


गाजियाबाद के मोदीनगर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो लोगों ने 14 साल के नाबालिग को आईफोन दिलाने का लालच देकर उससे 8 लाख रुपये की सोने की ज्वेलरी हड़प ली। पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य संदिग्ध और एक ज्वेलर अभी फरार हैं।


पुलिस ने दर्ज की शिकायत


लड़के के परिवार की शिकायत पर मोदीनगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 (5) (उगाही) और 351 (3) (आपराधिक धमकी) के तहत बुधवार को FIR दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शैलेश कुमार (26, बाउंसर) और दिव्यम कुमार (18, बीसीए छात्र) के रूप में हुई है। वहीं, फरार संदिग्ध अर्नब कुमार और ज्वेलर अभिषेक की तलाश जारी है।


दोस्ती का फायदा, बनाया शिकार


पुलिस के मुताबिक, नाबालिग कक्षा 9 का छात्र था और तीनों संदिग्धों (शैलेश, दिव्यम, और अर्नब) से उसकी दोस्ती थी। इन तीनों ने मिलकर इस उगाही की साजिश रची। सहायक पुलिस आयुक्त (मोदीनगर सर्कल) ज्ञान प्रकाश राय ने बताया, 'लड़के ने आईफोन लेने की इच्छा जताई थी। आरोपियों ने उसे झांसा दिया कि वे आईफोन दिला देंगे, लेकिन बदले में घर से ज्वेलरी लाने को कहा। पहले उसने दो सोने की अंगूठियां दीं, जिसके बदले उसे आईफोन दिया गया, लेकिन कुछ दिनों बाद उसे वापस ले लिया गया।'


डर दिखाकर की उगाही


आरोपियों ने लड़के को डराने के लिए कहा कि आईफोन से जुड़ा कोई पुलिस केस है। इसके बाद अप्रैल से नियमित अंतराल पर उससे ज्वेलरी की उगाही शुरू कर दी। कुल मिलाकर, उन्होंने चार सोने की चूड़ियां, दो सोने की बालियां और एक नोज पिन हड़प ली, जिनकी कीमत करीब 8 लाख रुपये है। पुलिस ने बताया कि ये ज्वेलरी भोजपुर के एक ज्वेलर को बेच दी गई।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से चूड़ियां, एक बाली और एक नोज पिन बरामद कर ली है, लेकिन बाकी ज्वेलरी ज्वेलर को बेच दी गई थी। फरार ज्वेलर अभिषेक और संदिग्ध अर्नब की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।




कोई टिप्पणी नहीं