Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

मैनेजर ही निकला मास्टरमाइंड, दिल्ली पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा दिया होटल डकैती केस

दिल्ली के कीर्ति नगर में एक होटल में हुई सनसनीखेज डकैती को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा दिया। 1 जुलाई 2025 की रात करीब 3 बजे, दो नकाबपोश ...


दिल्ली के कीर्ति नगर में एक होटल में हुई सनसनीखेज डकैती को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा दिया। 1 जुलाई 2025 की रात करीब 3 बजे, दो नकाबपोश बदमाशों ने होटल देव प्लेस में घुसकर नाइट मैनेजर प्रिंस कुमार को चाकू की नोक पर धमकाया और रिसेप्शन काउंटर से 83,000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूट लिया। दिल्ली पुलिस ने चार लुटेरों, जिसमें दो नाबालिग शामिल हैं, को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, 34,000 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की।


मैनेजर की चाल, जो बन गया जाल


पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। शिकायतकर्ता और होटल का नाइट मैनेजर प्रिंस कुमार ही इस डकैती का मास्टरमाइंड निकला। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि प्रिंस अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से डेटा डिलीट कर रहा था। उसका व्यवहार शुरू से ही संदिग्ध था। होटल के काउंटर पर इतनी बड़ी रकम का होना भी पुलिस को अटपटा लगा। गहन पूछताछ में प्रिंस टूट गया और उसने सच उगल दिया।


जेल में बनी दोस्ती, रची साजिश


प्रिंस ने बताया कि जेल में उसकी मुलाकात राम कुमार यादव से हुई थी, जो डकैती के एक मामले में बंद था। जमानत पर छूटने के बाद दोनों की दोस्ती बरकरार रही। पैसों की जरूरत ने उन्हें आसान रास्ता चुनने को मजबूर किया। प्रिंस ने होटल में 2-4 दिन तक नकदी जमा की और फिर राम को सूचना दी। राम अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर आया। एक नाबालिग बाहर खड़ा रहा, जबकि राम और दूसरा नाबालिग नकाब पहनकर होटल में घुसे और प्रिंस को चाकू दिखाकर लूटपाट की। प्रिंस ने इसके बाद पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज की।


पुलिस ने ऐसे सुलझाया केस


पुलिस ने तुरंत एक स्पेशल टीम गठित की, जिसमें इंस्पेक्टर संजीव धोदी, एसआई जगमोहन, एचसी विकास, एचसी धर्मराज, एचसी जंगजीत और कांस्टेबल नवीन शामिल थे। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जांच के बाद प्रिंस की साजिश का खुलासा हुआ। उसकी निशानदेही पर राम कुमार और दोनों नाबालिगों को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया। बरामद मोटरसाइकिल इंदरपुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।


डीसीपी विचित्र वीर ने बताया कि इस मामले ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ को दर्शाया। किरती नगर पुलिस ने न केवल लुटेरों को पकड़ा, बल्कि साजिश के मास्टरमाइंड को भी बेनकाब किया।




कोई टिप्पणी नहीं

Popular Posts