Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

कुछ स्टूडेंट्स जो मई में नहीं दे सके थे पेपर्स, DU उनके लिए फिर से करवा रहा परीक्षा; किन्हें मिलेगा मौका?

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने इस साल मई में 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान निर्मित हालातों के कारण अपनी सेमेस्टर परीक्षाएं नहीं दे सके कॉले...


दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने इस साल मई में 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान निर्मित हालातों के कारण अपनी सेमेस्टर परीक्षाएं नहीं दे सके कॉलेज छात्र-छात्राओं को एक विशेष मौका देते हुए खास परीक्षा कराने की घोषणा की है। जिसके लिए फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 10 जुलाई है। फॉर्म केवल ऑनलाइन जमा होंगे। परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने इस बारे में एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने यह व्यवस्था 2024-25 शैक्षणिक वर्ष के प्रभावित यूजी (स्नातक) और पीजी (स्नातकोत्तर) स्टूडेंट्स के लिए बनाई है, जो कि 13, 14 और 15 मई को अपने पेपर नहीं दे सके थे, इसके तहत उनके लिए छूटे हुए पेपर फिर से देने का प्रावधान किया गया है।


विश्वविद्यालय की तरफ से इस बारे में मंगलवार को जारी एक अधिसूचना में बताया गया, 'शैक्षणिक वर्ष 2024-25 से संबंधित ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट के सभी छात्रों को सूचित किया जाता है कि परीक्षा के लिए निम्नलिखित लिंक पर गूगल फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 10.07.2025 (गुरुवार) रात 11.59 बजे तक है।'


परीक्षा देने के लिए जरूरी पात्रता के बारे में बताते हुए विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि फ़ॉर्म केवल उन स्टूडेंट्स के लिए ही है जो 'ऑपरेशन सिंदूर' की वजह से मई महीने में परीक्षा की तय तिथि पर परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंच सके थे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रों को इस बात को दस्तावेजी सबूतों को जरिए भी साबित करना अनिवार्य होगा कि वे परीक्षा वाले दिन दिल्ली नहीं पहुंच सके थे।


परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया इसलिए की जा रही है ताकि इस बात को सुनिश्चित किया जा सके कि छात्रों को उनके नियंत्रण से परे घटनाओं के लिए अकादमिक रूप से दंडित नहीं किया जाता है, वहीं वैध दस्तावेजी सबूतों की जरूरत इसलिए है ताकि प्रक्रिया की अखंडता को बनाए रखा जा सके।


विश्वविद्यालय के इस कदम से ऐसे दर्जनों छात्रों को फायदा होने की उम्मीद है, जो ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उत्पन्न स्थिति के कारण परीक्षा नहीं दे सके थे और उनकी शैक्षणिक तरक्की बाधित हुई थी। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं केवल वेरिफाइड आवेदकों के लिए ही पुनर्निर्धारित की जाएंगी और एग्जाम की तारीख भी परीक्षा शाखा द्वारा बाद में बताई जाएंगी।




 
 
 

कोई टिप्पणी नहीं