राजधानी दिल्ली में अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर बुलडोजर ऐक्शन जोरों-शोरोंं से जारी है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और दिल्ली नगर निगम (एमस...
राजधानी दिल्ली में अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर बुलडोजर ऐक्शन जोरों-शोरोंं से जारी है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अब किसी भी अब बख्शने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। एमसीडी द्वारा मंगलवार को पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि हाल के बीते कुछ सप्ताह में राजधानी के जंगपुरा के मद्रासी कैंप, कालकाजी भूमिहीन कैंप, अशोक विहार और वजीरपुर में भी अतिक्रमण और अवैध निर्माणों के खिलाफ इसी तरह के अभियान चलाए गए हैं। इस दौरान अनेक झुग्गियों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया है।
हालांकि, आम आदमी पार्टी (आप) और उसके मुखिया एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस कदम के पीछे भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।
भाषा के मुताबिक, केजरीवाल और उनके साथियों और विधायकों ने दिल्ली में झुग्गीवासियों पर जारी बुलडोजर ऐक्शन के खिलाफ रविवार 29 जून को जंतर-मंतर पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने इस कार्रवाई के खिलाफ झुग्गीवालों से सड़कों पर उतरने और भविष्य के चुनावों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को खारिज करने की भी अपील की।
केजरीवाल ने विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’, लेकिन उनके कहने का मतलब था ‘जहां झुग्गी, वहां मैदान’। उनके वादे झूठे हैं और मैं आपसे आग्रह करता हूं कि भविष्य में उनके झांसे में न आएं।”
‘आप’ के मुखिया ने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता की सरकार ने पिछले पांच महीनों में शहर को ‘बर्बाद’ कर दिया है। केजरीवाल ने झुग्गीवासियों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा, “यहां 40 लाख झुग्गीवासी हैं। अगर आप सड़कों पर उतरेंगे तो वे तोड़फोड़ रोकने को मजबूर हो जाएंगे।”
उन्होंने कहा, “अन्ना आंदोलन जंतर-मंतर से शुरू हुआ और कांग्रेस को सत्ता से हटा दिया। यहां से एक नया आंदोलन शुरू होगा और भाजपा की सत्ता पर पकड़ भी डगमगा जाएगी।”
‘आप’ संयोजक ने लोगों से भविष्य में कांग्रेस और भाजपा में से किसी को भी वोट न देने का आग्रह करते हुए कहा कि दोनों पार्टियां ‘‘भाई-बहन’’ की तरह हैं।

कोई टिप्पणी नहीं