ग्रेटर गाजियाबाद बनाने के लिए जिला प्रशासन खोड़ा, कनावनी, लोनी और डासना नगर पंचायत के साथ मुरादनगर के 13 गांवों को जोड़ने की योजना बना रहा है...
ग्रेटर गाजियाबाद बनाने के लिए जिला प्रशासन खोड़ा, कनावनी, लोनी और डासना नगर पंचायत के साथ मुरादनगर के 13 गांवों को जोड़ने की योजना बना रहा है। इन सभी क्षेत्रों के नक्शों का मिलान कर लिया गया है। सूत्रों की मानें तो इसकी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। कांवड़ यात्रा के बाद इसको सही रूप दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अपने गाजियाबाद दौरे के दौरान ग्रेटर गाजियाबाद बनाने की घोषणा की थी। इसमें कहा गया था कि खोड़ा, लोनी व मुरादनगर क्षेत्र को मिलाकर ग्रेटर गाजियाबाद बनाया जाएगा, जिसे नगर निगम का भाग माना जाएगा। इस घोषणा के बाद से ही जिला प्रशासन अन्य विभागों के साथ मिलकर इसकी कवायद में जुटा हुआ है।
विभागीय सूत्रों की मानें तो इन क्षेत्रों को किस तरह से जोड़ा जाए ताकि यह ग्रेटर गाजियाबाद की शक्ल ले सके, इस पर मंथन लगभग पूरा हो चुका है।
ग्रेटर गाजियाबाद में खोड़ा, लोनी और डासना के साथ मुरादनगर के गाजियाबाद सीमा ने लगे 13 गांवों को जोड़ने की योजना है। इसका प्राथमिक नक्शा तैयार भी कर लिया गया है। हालांकि अभी इसे कुछ बदलाव के भी आसार बताए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा सम्पन्न होने के बाद ग्रेटर गाजियाबाद का सही नक्शा सामने आ जाएगा। सभी विभागों की सहमति के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा।
सभी क्षेत्र के नक्शों का किया जा चुका है मिलान
पहले चरण में सभी नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्र के नक्शे निकलवाए गए थे। इन नक्शों को नगर निगम की सीमा से मिलाया गया। ग्रेटर गाजियाबाद में किस क्षेत्र के कितने गांव शामिल किए जाएंगे, इसको लेकर लगातार काम किया गया। जिसके बाद नक्शे मिलाकर इस अस्थायी ग्रेटर गाजियाबाद की सीमा खींची जा चुकी है। डासना नगर पंचायत के सभी वार्ड को ग्रेटर गाजियाबाद में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही नगर पालिका मुरादनगर के गाजियाबाद की सीमा से सटे 13 गांवों को ही शामिल किए जाने की योजना बनाई गई है। सूत्रों की मानें को ग्रेटर गाजियाबाद की सीमा का निर्धारण सड़क मार्ग से किया जाएगा। इसी कारण मुरादनगर नगर पालिका और ग्रेटर गाजियाबाद के बीच सड़क से सीमा निर्धारित की जाएगी।
देहात क्षेत्र की स्थिति सुधरेगी
ग्रेटर गाजियाबाद के बनने से सबसे ज्यादा असर देहात क्षेत्र पर पड़ेगा। इस विस्तार में डासना, मुरादनगर और लोनी देहात क्षेत्र के गांव शामिल होंगे। उनके शामिल होने से यहां विकास होगा। इसके साथ ही शहरी क्षेत्र का भी विस्तार होगा। सड़क से लेकर पानी और प्रकाश की बेहतर व्यवस्था होगी। साथ लोगों को आवागमन के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं भी मिलेंगी।
ग्रेटर गाजियाबाद में हो सकते हैं 150 वार्ड
जिला प्रशासन ने खोड़ा नगर पालिका और लोनी नगर पालिका परिषद, डासना नगर पंचायत और मुरादनगर नगर पालिका के 13 गांवों को शामिल करने की योजना बनाई है। इन सभी के वार्ड को मिलाकर ग्रेटर गाजियाबाद में 150 से 175 वार्ड हो सकते हैं।
दीपक मीणा, जिलाधिकारी ने कहा, ''ग्रेटर गाजियाबाद के निर्माण की रूपरेखा तैयार की जा रही है। कांवड़ यात्रा के बाद इसका सही नक्शा तैयार कर लिया जाएगा। सभी विभागों ने सर्वे पूरा कर लिया है। इसकी सीमा कहां तक होगी और इसमें कौन-कौन से क्षेत्र का कितना हिस्सा शामिल होगा, रिपोर्ट तैयार की जा रही है।''
कोई टिप्पणी नहीं