Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

नोएडा में पति का खून इंतकाम, पत्नी के प्रेमी को चाकू से गोदकर मारा, फिर…

  नोएडा सेक्टर-63 थानाक्षेत्र में अपनी प्रेमिका के साथ बैठे युवक की प्रेमिका के पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने खुद पर भ...

 


नोएडा सेक्टर-63 थानाक्षेत्र में अपनी प्रेमिका के साथ बैठे युवक की प्रेमिका के पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने खुद पर भी चाकू से वारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे गंभीर हालत के चलते दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है।

एसीपी वर्णिका सिंह ने बताया कि दिल्ली के उत्तम नगर की 32 वर्षीय शीतल की शादी अलीगढ़ के दादो निवासी शेर सिंह से 2011 में हुई थी। शादी के वक्त शीतल नाबालिग थी। शादी के 14 साल के अंदर शीतल और शेर सिंह के चार बच्चे हुए। शराब की लत के कारण शादी के कुछ समय बाद ही शीतल और शेर सिंह के बीच अनबन होने लगी थी। कुछ साल पहले शीतल जब दिल्ली स्थित अपने घर आई थी तो लंबे समय तक रुक गई और वह यहीं पर दक्षिणपुरी के सुमित कुमार के कबाड़ के गोदाम में काम करने लगी। दोनों में नजदीकी बढ़ी, जो जल्द ही प्यार में बदल गई।

इसके बाद शेर सिंह भी दिल्ली आ गया और मेहनत मजदूरी करने लगा। पति से अनबन होने के कारण शीतल नोएडा में सुमित के साथ ही रहने लगी। सुमित के पिता कालीचरण ने 25 फुटा रोड पर बेटे के लिए 30 गज का मकान खरीदा था। यहीं दोनों रहते थे। दो महीने पहले शेर सिंह तलाक देने के बहाने शीतल को अलीगढ़ ले गया। 12 जुलाई को जब शेर सिंह शीतल को अस्पताल लेकर गया था तभी मौका पाकर वह वहां से भाग आई और सुमित के साथ फिर से रहने लगी। दोनों कुछ दिन हरिद्वार और वहां से दिल्ली चले गए थे। वे बुधवार 16 जुलाई को ही लौटे।

गुरुवार रात 8 बजे के करीब सुमित के घर की लाइट चली गई। ऐसे में मकान के बाहर स्लैब वाले हिस्से पर सुमित और शीतल बैठकर बातें करने लगे। सवा 8 बजे के करीब चेहरा गमछे से ढककर शेर सिंह आया और सुमित के कमर पर चाकू से वार कर दिया। पहले ही वार में सुमित लहूलुहान होकर गिर गया। इसके बाद शेर सिंह ने उसके शरीर पर कई अन्य वार किए। शीतल का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जब जमा होने लगे तो शेर सिंह ने खुद के शरीर पर भी चाकू से कई वार किया। घटनास्थल से थोड़ी दूर जाकर वह बेहोश होकर गिर गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस सुमित और शेर सिंह दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया।

 

जल्द ही दूसरी शादी करने की तैयारी थी

पुलिस ने घटना के संबंध में जब शीतल से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके पेट में सुमित का बच्चा पल रहा है। सुमित भी पहले से शादीशुदा था। उसका अपनी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था। जल्द ही वह शीतल से विवाह करने वाला था। शीतल अपने पति शेर सिंह से अलग रह रही थी और उसे तलाक देने को कई बार बोल चुकी थी। जिस दिन से शेर सिंह को पता चला था कि उसकी पत्नी एक और बच्चे को जन्म देने वाली तभी से वह सुमित की हत्या करने की साजिश रच रहा था।

किडनी तक पहुंची चाकू की नोंक

डॉक्टरों के मुताबिक शेर सिंह ने सुमित के कमर पर जो पहला वार किया, वह इतना गंभीर था कि किडनी तक चाकू का आगे वाला हिस्सा पहुंच गया। यही उसकी मौत का कारण बना। पुलिस हत्यारोपी की हालत में सुधार होने के बाद उसकी गिरफ्तारी की बात कह रही है। जिस अस्पताल में शेर सिंह का इलाज चल रहा है, पुलिस वहां के डॉक्टरों के संपर्क में है और हत्यारोपी के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है।

घटना से महिला के मासूम बच्चे सहमे

शेर सिंह और शीतल के चारों बच्चे घटना के बाद से सहमे हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि क्या हो गया। सुमित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने शेर सिंह के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया है। सुमित का शव देखने के बाद से शीतल फूट फूट कर रो रही है। चक्कर आने के कारण वह कई बार बेहोश भी हुई पर परिजनों ने किसी तरह उसे संभाल लिया। शव को पुलिस ने सुमित के परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। शनिवार को अंतिम संस्कार होने की बात कही जा रही है।



कोई टिप्पणी नहीं