Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

दिल्ली-आगरा हाईवे पर बघौला पुल के पास जाम खत्म करने का नया प्लान तैयार, क्या है योजना

दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर निर्माणधीन बघौला पुल के पास रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ठोस कदम उठाने जा रहा है। यहां भार...


दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर निर्माणधीन बघौला पुल के पास रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ठोस कदम उठाने जा रहा है। यहां भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग लेन बनाने की तैयारी है, ताकि लोगों को जाम से मुक्ति मिल सके। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मौका मुआयना करने के बाद यह जानकारी दी।


उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने गुरुवार को एनएच-2 पर बघौला गांव के पास निर्माणाधीन पुल क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गांव का गंदा पानी सड़क पर न आए, जिससे रास्ता खराब न हो और जाम की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि गड्ढों में भरे पानी के कारण भी परेशानी बढ़ जाती है, ऐसे में नाले की उचित सफाई और पानी रोकने की पुख्ता व्यवस्था जरूरी है।


उपायुक्त ने निर्देश दिए कि एनएचएआई, जनस्वास्थ्य, पंचायती राज और पुलिस विभाग आपसी तालमेल के साथ समाधान करें। जनस्वास्थ्य विभाग व पंचायत विभाग को कहा गया कि वे गांव के पानी की निकासी की तुरंत व्यवस्था करें। एनएचएआई के परियोजना निदेशक से सड़क निर्माण की प्रोजेक्ट रिपोर्ट जल्द भेजने और तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।


दो साल पहले शुरू हुआ था निर्माण 


बघौला गांव में बनने वाले इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य वर्ष 2023 के जून माह में शुरू हुआ था। उस वक्त इस फ्लाईओवर का कार्य 15 माह में पूरा करना तय हुआ था। लेकिन,निर्माण कार्य के बीच में बघौला गांव के लोगों ने देवली मोड़ पर अंडरपास बनाने की मांग को लेकर फ्लाईओवर के निर्माण का विरोध शुरू कर दिया। इस वजह से इसका निर्माण कार्य ठप हो गया। देवली मोड़ पर अंडरपास के निर्माण की मंजूरी मिलने में देरी के कारण भी इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तय अवधि में पूरा नहीं हो सका।


शिलान्यास के वक्त इस फ्लाईओवर का बजट करीब 21 करोड़ 44 लाख रुपये तय किया गया था। लेकिन, देवली मोड़ अंडरपास के निर्माण की वजह से इसका बजट बढ़ाना पड़ा। फिलहाल इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। एनएचएआई के अधिकारियों का मानना है कि अगस्त माह तक इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।


कांवड़ यात्रियों के लिए रास्ता बनाने के निर्देश


सावन मास में लाखों की संख्या में कांवड़ यात्री दिल्ली-आगरा हाईवे से गुजरते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि फ्लाईओवर से कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एनएचएआई और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्थायी व्यवस्थाएं जल्द बनाएं ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि निर्माणधीन पुल के ऊपर से कांवड़ यात्रियों के लिए अस्थायी रास्ता बनाए।


सर्विस रोड पर टाइल्स लगाएगा एनएचएआई


एनएचएआई प्रबंधन बघौला गांव में टाइल्स लगाने की योजना बना रहा है। इसके लिए एनएचएआई विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को एनएचएआई के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बघौला गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया था। विभाग के परियोजना निदेशक ने बताया कि सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या है। यहां से पानी निकासी के लिए जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत से भी आग्रह किया गया है। पानी निकासी की व्यवस्था न होने से यहां दलदल बन जाती है। पानी निकासी की व्यवस्था होने पर यहां हैवी डयुटी की टाइल्स लगाई जाएंगी। भारी वाहन भी इन टाइल्स से गुजर सकेंगे।




कोई टिप्पणी नहीं