नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और नेता राजकुमार भाटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह ब्रह्...
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और नेता राजकुमार भाटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह ब्रह्मा, विष्णु, महेश और अन्य हिंदू देवी-देवताओं को भगवान न मानने और उनकी पूजा न करने की शपथ लेते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा कि उन्होंने हिंदू धर्म त्याग कर बौद्ध धर्म अपना लिया है। हालांकि, बढ़ते विवाद और अटकलों के बीच सपा नेता राजकुमार भाटी ने खुद सामने आकर सफाई दी है और धर्म परिवर्तन करने की तमाम खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि वह हिंदू हैं और इसी धर्म में रहेंगे।
📜 अंबेडकर भवन के कार्यक्रम का है मामला: बीजेपी आईटी सेल पर लगाया दुष्प्रचार का आरोप, बोले—हर धर्म का करता हूं सम्मान
राजकुमार भाटी ने स्पष्ट किया कि वह 20 अक्टूबर को दिल्ली के रानी झांसी मार्ग स्थित अंबेडकर भवन में 'भारतीय बौद्ध महासभा' द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि एक सच्चा समाजवादी होने के नाते वह सभी धर्मों, जातियों और समुदायों का सम्मान करते हैं। वे गुरुद्वारे में मत्था टेकने भी जाते हैं और मुस्लिम भाइयों की मजलिसों में भी शामिल होते हैं। गौतम बुद्ध और बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के विचारों के प्रति गहरी आस्था जताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा आईटी सेल और कट्टरवादी लोग उनके खिलाफ मनगढ़ंत दुष्प्रचार कर रहे हैं। उनका हिंदू धर्म छोड़ने का कोई इरादा नहीं है और वे किसी भी धर्म में रहकर मानवता की सेवा कर सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं