नई दिल्ली, 17 सितंबर 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए दिल्ली नगर निगम के सिविक सेंटर में शिक...
नई दिल्ली, 17 सितंबर 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए दिल्ली नगर निगम के सिविक सेंटर में शिक्षा समिति की ओर से निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता तथा दिल्ली नगर निगम शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, एडवोकेट के नेतृत्व में हुआ। कैंप में निगम कर्मचारियों, सर्विस स्टाफ और उपस्थित लोगों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की गईं।
रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित मेडिकल कैंप में आंखों की जांच, दांतों की जांच, मैमोग्राफी, ब्लड टेस्ट और शुगर टेस्ट सहित कई स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। इस दौरान रोटरी क्लब के नरेंद्र मित्तल, सुदीर मंगला, सुनील गर्ग, विवेक जैन, सुशील गुप्ता, डी.पी. सिंघल, नरेश गुप्ता, राजेश जैन और संजय गोयल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लोगों को नियमित जांच के लिए करता है प्रेरित
शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, एडवोकेट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए समाजहित और जनसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई लोग स्वास्थ्य जांच कराने में संकोच या डर महसूस करते हैं, ऐसे में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर उन्हें नियमित जांच के लिए प्रेरित करते हैं। समय रहते बीमारी का पता चलने पर उपचार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
रोटरी क्लब के सामाजिक कार्यों की सराहना
कार्यक्रम में दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने रोटरी क्लब के सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाएं मिलकर जनहित के कार्य करती हैं तो उसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलता है और समाज में सेवा, सहयोग एवं सकारात्मकता का वातावरण बनता है।
योगेश वर्मा ने मेडिकल कैंप के सफल आयोजन के लिए रोटरी क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि रोटरी क्लब भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों को साथ जोड़कर जनसेवा और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कार्य निरंतर करता रहेगा। कार्यक्रम में निगम के अधिकारी-कर्मचारी, रोटरी क्लब के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं