नई दिल्ली, 17 सितंबर 2026 : सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की गनपॉइंट लूट का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार क...
नई दिल्ली, 17 सितंबर 2026 : सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की गनपॉइंट लूट का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर करीब एक करोड़ रुपये की नकदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल जैसी वस्तु पिस्टल शेप्ड लाइटर निकली।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की शाम शिकायतकर्ता अपने सहयोगी नरेश के साथ TSR से सफदरजंग जा रहा था। उसके पास दो बैगों में करीब तीन करोड़ रुपये थे। गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने TSR रोककर पिस्तौल जैसी वस्तु दिखाते हुए डेढ़ करोड़ रुपये से भरा एक बैग लूट लिया।
थाना दरियागंज में FIR दर्ज कर CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी और जमीनी जांच शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक सूरज पांडेय को आनंद विहार बस टर्मिनल, आदर्श तिवारी और दीपक गोस्वामी को नवादा, संदीप उर्फ सैंडी को फरीदाबाद तथा कथित मुख्य साजिशकर्ता रिंकू को लुधियाना से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार सूरज से 17 लाख, आदर्श और दीपक से 32.5 लाख, संदीप से 11 लाख तथा रिंकू की निशानदेही पर 37.5 लाख रुपये बरामद हुए। लूट की रकम से खरीदी मोटरसाइकिल और मोबाइल भी मिले। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चांदनी चौक में रेकी की थी। प्रिंस अभी फरार है।


.jpeg)
कोई टिप्पणी नहीं