भरथना में बालिकाओं को शिक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर किया जागरूक भरथना/इटावा, 24 अगस्त 2026 : विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा के अध्य...
भरथना में बालिकाओं को शिक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर किया जागरूक
भरथना/इटावा, 24 अगस्त 2026 : विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा के अध्यक्ष रजत जैन जिला जज एवं आरती द्विवेदी जज के निर्देशन में सोमवार को अधिकार मित्र तहसील भरथना की ओर से आर्यश्यामा बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बालिकाओं को शिक्षा के अधिकार सहित उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
अधिकार मित्र तहसील भरथना पुष्पेंद्र तिवारी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। बालिकाओं को पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने के साथ अपने अधिकारों की जानकारी भी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण साधन है। किसी भी बालिका को आर्थिक या सामाजिक कारणों से शिक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
अधिकार मित्र शकुंतला यादव ने बालिकाओं को शिक्षा के साथ बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा और अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में बालिकाएं अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को जानकारी दें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को जीवन की प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया।
इस दौरान दोनों अधिकार मित्रों ने बालिकाओं से संवाद कर शिक्षा एवं शिक्षा संबंधी अधिकारों को लेकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रधानाचार्या सुलक्षणा यादव ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने और नियमित रूप से विद्यालय आने के निर्देश दिए। शिविर में अधिकार मित्र रचना यादव, शिखा स्वरूप, विकास पाठक, अभिषेक यादव, किशन कुमार, प्रभा, नेहा यादव, रिक्की, अक्षय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं