भरथना में हरियाली तीज महोत्सव में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा, निधि पोरवाल बनीं डांस क्वीन भरथना/इटावा, 24 अगस्त 2026 : भारत विकास परिषद विवेका...
भरथना में हरियाली तीज महोत्सव में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा, निधि पोरवाल बनीं डांस क्वीन
भरथना/इटावा, 24 अगस्त 2026 : भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा के तत्वावधान में रविवार देर शाम पुराना भरथना स्थित एक गेस्ट हाउस में हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। गतिविधि संयोजक रश्मि दुबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में दो सैकड़ा से अधिक महिलाओं एवं छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रीना राठौर ने स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित करते हुए महोत्सव का शुभारंभ किया। मंच संचालन निशी पांडेय और कामिनी पोरवाल ने किया। महोत्सव में नृत्य, चेयर विनर, पासिंग द पार्सल, सरप्राइज गेम, लाइट द कैंडल्स और टंग ट्विस्टर समेत विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं एवं छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण डांस प्रतियोगिता रही, जिसमें करीब 30 महिलाओं एवं छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के निर्णयन के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में करीब 130 महिला सदस्य शामिल थीं। प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर ऑनलाइन वोटिंग कराई गई, जिसमें सर्वाधिक वोट प्राप्त कर निधि पोरवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें ‘डांस क्वीन’ के सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित सदस्यों को उपहार भेंट किए गए। आयोजन को सफल बनाने में परिषद अध्यक्ष देवेंद्र पोरवाल, सचिव ललित पाल, कोषाध्यक्ष मक्खन वर्मा, निखिल पोरवाल, आकाश गुप्ता, पुनीत पांडेय, अशोक पोरवाल एवं वैभव चतुर्वेदी सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा। इस अवसर पर समाजसेविका सुधा पांडेय, मिथिलेश शुक्ला, माधुरी श्रीवास्तव, प्रभा दुबे, रीता राठौर, शिप्रा पोरवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।

कोई टिप्पणी नहीं