दिल्ली की एक अदालत ने श्रद्धा वालकर मर्डर केस में 20 जुलाई को होने वाली सुनवाई को कैंसल कर दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि आरोपी आफताब पूनावाला...
दिल्ली की एक अदालत ने श्रद्धा वालकर मर्डर केस में 20 जुलाई को होने वाली सुनवाई को कैंसल कर दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि आरोपी आफताब पूनावाला ने कोर्ट को बताया है कि 20 जुलाई को उसका तिहाड़ जेल में एमए सोशियोलॉजी का फाइनल एग्जाम है।
कोर्ट ने इसके साथ ही निर्देश दिया कि 21 जुलाई दोपहर 2 बजे से अभियोजन पक्ष के सबूत दर्ज किए जाएं और पहले से तय तारीखों पर सुनवाई जारी रहेगी। एडिशनल सेशन जज हरगुरवरिंदर सिंह जग्गी ने इस बात पर ध्यान दिया कि आरोपी के एग्जाम 11 जुलाई से 20 जुलाई तक तिहाड़ जेल में होंगे जो कि इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं।
कोर्ट ने आरोपी की अर्जी पर क्या कहा?
आरोपी की अर्जी पर कोर्ट ने 8 जुलाई को अपने आदेश में कहा ‘आरोपी आफताब आमीन पूनावाला ने अपनी अर्जी में कहा है कि उसे 20 जुलाई को दोपहर दो बजे से शाम 5 बजे तक सेंट्रल जेल नंबर 3 में IGNOU के एग्जाम सेंटर में एमए सोशियोलॉजी में बैठना है। परीक्षा की तारीखें 11 जुलाई, 2026 से 20 जुलाई, 2026 तक तय हैं।’
फिजिकली पेश होने की मांगी थी छूट
पूनावाला ने 20 जुलाई के लिए कोर्ट में अर्जी देकर सुनवाई के लिए फिजिकली पेश होने की छूट मांगी थी। इस अर्जी को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने सुनवाई कैंसल कर दी। कोर्ट ने अभियोजन पक्ष के सबूत दर्ज करने के लिए 21 जुलाई 2 बजे का समय दिया है।
पूनावाला पर क्या हैं आरोप?
आपको बता दें कि 27 वर्षीय कॉल सेंटर कर्मचारी श्रद्धा वालकर की मई 2022 में उसके लिव-इन पार्टनर पूनावाला ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि हत्या गला घोंट कर की गई थी। आरोपी ने क्राइम को छिपाने के लिए शव के 35 टुकड़े किए, उन्हें एक रेफ्रिजरेटर में रखा और फिर कई दिनों तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ठिकाने लगाया ताकि उसकी इस करतूत की किसी को भनक न लगे। पूनावाला श्रद्धा के साथ दिल्ली के महरौली में एक किराए के फ्लैट में रहता था और इसी के अंदर वारदात को भी अंजाम दिया था।
शरीर के टुकड़े ढूंढने में कड़ी मशक्कत
दिल्ली पुलिस ने 24 जनवरी, 2023 को इस मामले में 6,629 पेज की चार्जशीट दाखिल की थी। इस हत्या कांड ने सभी को चौंका दिया था क्योंकि जिस तरह कथित मर्डर के बाद आरोपी ने लाश को ठिकाने लगाया वह हैरान करने वाला था। पुलिस को श्रद्धा के शरीर के टुकड़ों को ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।

कोई टिप्पणी नहीं