Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी में मेगा वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ

  नई दिल्ली, 11 जुलाई। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-14 स्थित चित्रगुप्त पार्क (डीडीए डिस्ट्रिक्ट पार्क...

 


नई दिल्ली, 11 जुलाई। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-14 स्थित चित्रगुप्त पार्क (डीडीए डिस्ट्रिक्ट पार्क) में मेगा वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका जीवित रहना और विकसित होना ही किसी भी वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता है। अभियान के तहत करीब 500 देशी जामुन के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का आयोजन डीडीए ने संपूर्णा और भारतीयम ट्रस्ट के सहयोग से किया।


विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है और इसे केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर जन आंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोहिणी आज जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों के कारण दिल्ली के सबसे हरित क्षेत्रों में शामिल है तथा इस अभियान को हर घर तक पहुंचाने की आवश्यकता है।


उन्होंने स्थानीय प्रजातियों के महत्व पर बल देते हुए कहा कि नीम और जामुन जैसे देशी वृक्ष स्थानीय पारिस्थितिकी के लिए अधिक उपयुक्त हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने मोहल्लों और पार्कों में वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को जनसहभागिता से ही सफल बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1997 में पहली बार विधायक बनने के समय रोहिणी में सड़कों के किनारे पर्याप्त हरियाली नहीं थी, लेकिन निरंतर वृक्षारोपण और संरक्षण के प्रयासों से आज यह क्षेत्र शहरी हरित विकास का उदाहरण बन चुका है। उन्होंने परिपक्व वृक्षों के वैज्ञानिक प्रबंधन और नियमित छंटाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में डीडीए के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पर्यावरणविद्, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में विजेंद्र गुप्ता ने सभी से वृक्षारोपण को आजीवन जिम्मेदारी के रूप में अपनाने और हरित, स्वस्थ एवं सतत दिल्ली के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।








कोई टिप्पणी नहीं