Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

भारत से शांति पहल की उम्मीद, फिलिस्तीन के राजदूत ने ‘एमके टॉक्स’ में रखी अपनी बात

 नई दिल्ली। भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. ए. अबूशावेश ने वैश्विक शांति स्थापित करने में भारत की सक्रिय भूमिका की उम्मीद जताई ह...



 नई दिल्ली। भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. ए. अबूशावेश ने वैश्विक शांति स्थापित करने में भारत की सक्रिय भूमिका की उम्मीद जताई है। मशहूर पॉडकास्ट ‘एमके टॉक्स’ पर मोहसिन खान के साथ विशेष बातचीत में उन्होंने गाज़ा में जारी मानवीय संकट, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और भारत की संभावित मध्यस्थ भूमिका पर विस्तार से अपने विचार साझा किए।

राजदूत ने कहा कि फिलिस्तीन में मानवीय स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। उनके अनुसार, लगभग 11 हजार सर्जरी लंबित हैं और जीवनरक्षक दवाओं की भारी कमी है। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि मानवता से जुड़ा गंभीर संकट बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की।

बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भारत ग्लोबल साउथ के प्रमुख देशों में शामिल है और फिलिस्तीन-इज़राइल के बीच संवाद तथा व्यापक शांति प्रयासों में महत्वपूर्ण मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत शांति, संवाद और मानवीय सहयोग को आगे बढ़ाने में सकारात्मक योगदान देगा।

इंटरव्यू में युद्ध, शांति, बच्चों के भविष्य और संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों की मानवीय चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। राजदूत ने कहा कि दुनिया को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

भारत और फिलिस्तीन के दशकों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत भविष्य में भी शांति और मानवीय सहयोग के प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ‘एमके टॉक्स’ पर यह विशेष साक्षात्कार जल्द प्रसारित किया जाएगा, जिसमें फिलिस्तीन की वर्तमान स्थिति और भारत की संभावित भूमिका पर राजदूत के विस्तृत विचार प्रस्तुत किए जाएंगे।








कोई टिप्पणी नहीं