Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

'रिटर्न गिफ्ट' की राजनीति पर कांग्रेस का तंज, नाज़िया दानिश ने भाजपा पर साधा निशाना

  नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की वार्ड कमेटियों के चुनाव के बाद भाजपा में कथित "रिटर्न गिफ्ट" की चर्चाओं को लेकर कांग्रेस...

 


नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की वार्ड कमेटियों के चुनाव के बाद भाजपा में कथित "रिटर्न गिफ्ट" की चर्चाओं को लेकर कांग्रेस ने निशाना साधा है। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने आरोप लगाया कि भाजपा में वर्षों से जुड़े कार्यकर्ताओं की तुलना में दूसरी पार्टियों से आने वाले नेताओं को अधिक महत्व दिया जा रहा है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि वार्ड कमेटियों, चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन और स्थायी समिति के पदों पर हुई नियुक्तियों को लेकर भाजपा के भीतर ही असंतोष की चर्चाएं हैं। उनका दावा है कि हाल ही में दूसरी पार्टियों से भाजपा में शामिल हुए कई पार्षदों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि लंबे समय से पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल में वर्षों की निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण से अधिक महत्व दल-बदल को मिलता है, तो यह समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो पद प्राप्त करने का नया फॉर्मूला पहले दूसरी पार्टी में जाना और फिर भाजपा में शामिल होना बन गया है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में पदों का निर्णय लेना उसके नेतृत्व का अधिकार है, लेकिन यदि ऐसे फैसलों से संगठन के भीतर असंतोष पैदा होता है तो नेतृत्व को उस पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं के प्रति भी स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की जनता राजनीतिक समीकरणों की बजाय बेहतर नागरिक सुविधाएं, पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है। उनके अनुसार, सरकार और निगम का ध्यान जनहित के मुद्दों पर केंद्रित होना चाहिए।








कोई टिप्पणी नहीं