Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

नोएडा एयरपोर्ट को मिलेगा गंगा एक्सप्रेसवे का सीधा रूट, जानें डिटेल्स

  नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले 74.3 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से चल रहा...

 


नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले 74.3 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से चल रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) अब तक 57 प्रतिशत यानी 422 एकड़ भूमि खरीद चुका है।

अधिकारियों के अनुसार, शेष भूमि का अधिग्रहण भी अगले एक माह में पूरा होने की उम्मीद है। प्रदेश सरकार ने भूमि खरीद के लिए 1204 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। लिंक एक्सप्रेसवे के लिए यीडा क्षेत्र के 16 गांवों की करीब 740 एकड़ भूमि खरीदी जा रही है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा बनाई जाएगी। यीडा भूमि खरीदकर यूपीडा को सौंपेगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

एक्सप्रेसवे का ये होगा रूट

यह लिंक एक्सप्रेसवे बुलंदशहर के सियाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे से शुरू होकर यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर बिंदु पर, सेक्टर-21 स्थित प्रस्तावित फिल्म सिटी के पास जुड़ेगा। कुल मार्ग का करीब 20 किलोमीटर हिस्सा यीडा क्षेत्र में होगा, जिसमें 9 किलोमीटर एलिवेटेड बनाया जाएगा। इसके साथ ही यहां सर्विस रोड भी बनाई जाएगी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग 4000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी।

56 गांवों की ली जाएगी जमीन

लिंक एक्सप्रेसवे 56 गांवों से होकर गुजरेगा। इनमें गौतमबुद्ध नगर के 8 और बुलंदशहर के 48 गांव शामिल हैं। बुलंदशहर के ये गांव खुर्जा, सियाना, बुलंदशहर और सिकंदराबाद तहसील क्षेत्र में आते हैं। परियोजना के लिए इन गांवों की भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

दिल्ली से आगरा तक सफर होगा आसान

मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे के यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ने पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और आगरा-ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन आसान होगा। लिंक एक्सप्रेसवे से यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर-28, 29, 32 और 33 को भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे कार्गो वाहनों की आवाजाही तेज होगी। भविष्य में इसे एनएच-34 से जोड़ने की भी संभावना है, हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम योजना नहीं बनी है।

पीएम मोदी ने 28 मार्च को किया था एयरपोर्ट का उद्घाटन

नोएडा एयरपोर्ट से उड़़ानें अब शुरू हो गई हैं। इस एयरपोर्ट को एनसीआर के साथ ही यूपी के गांवों और शहरों से जोड़ने के लिए नए-नए रूट एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। दिल्ली के पालम स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद दिल्ली-एनसीआर का यह दूसरा बड़ा एयरपोर्ट है। अभी एयरपोर्ट के विकास का पहला चरण ही पूरा हुआ है। इसमें एक रनवे और एक टर्मिनल भवन के साथ परिचालन शुरू किया जा रहा है जिसकी सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की है। कुल चार चरणों में इसका विकास किया जाना है।








कोई टिप्पणी नहीं