Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

दिल्ली बारिश: जलभराव वाले प्लॉट में डूबने से 7 साल के बच्चे की मौत

  दिल्ली में जोरदार बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखी गई। दिल्ली पुलिस और नागरिक निकायों के कंट्रोल रूम के फोन दिनभर घनघनाते रहे...

 


दिल्ली में जोरदार बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखी गई। दिल्ली पुलिस और नागरिक निकायों के कंट्रोल रूम के फोन दिनभर घनघनाते रहे। पुलिस को ट्रैफिक जाम, पानी भरने और पेड़ गिरने से जुड़ी दर्जनों शिकायतें मिलीं। अधिकांश शिकायतों में जलभराव, जाम और पेड़ गिरने के कारण ट्रैफिक थमने से जुड़ी थीं। दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में गुरुवार को सुबह के वक्त पानी से भरे एक खाली प्लॉट में डूबने से 7 साल के एक बच्चे की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि मरने वाले बच्चे का नाम रेहान था। वह संजय कॉलोनी में रहता था। रेहान तीसरी कक्षा का छात्र था। वह सुबह करीब 8:30 बजे अपने 5 साल के भाई के साथ शौच के लिए घर से निकला था। इसी दौरान डूब गया। बीते दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण प्लॉट में काफी पानी जमा हो गया था। बच्चा पानी से भरे प्लॉट के गहरे हिस्से में चला गया और डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई।

रेहान की मां ने बताया कि उसका छोटा बेटा तो घर लौट आया लेकिन बड़ा बेटा नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने काफी देर तक उसका इंतजार किया। फिर परेशान होकर उसे खोजना शुरू किया गया। परिवार ने पुलिस को भी सूचना दी। बाद में परिवार को पानी से भरे प्लॉट की पत्थर वाली बाउंड्री पर रेहान की पानी की बोतल रखी मिली।

ऐसे हुआ शक

रेहान की मां ने बताया कि हमको बाउंड्री पर बोतल पड़ी मिली तो शक हुआ कि कुछ तो गड़बड़ है। मेरे जीजाजी और परिवार के अन्य सदस्यों ने पानी में तलाशी ली। प्लॉट बारिश के पानी से भरा था। मेरा बेटा बारिश के पानी से भरे प्लॉट में मिला। बच्चे की मौसी ने बताया कि किसी ने सोचा भी नहीं था कि खाली प्लॉट में जमा बारिश का पानी मौत का जाल बन जाएगा।

स्थानीय लोगों ने बताया तब पहुंचे परिजन

वहीं पुलिस ने बताया कि परिवार ने करीब 2 घंटे तक बच्चे की तलाश की। स्थानीय लोगों ने परिजनों को पानी से भरे खाली प्लॉट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से पानी में तलाशी ली और बच्चे को बाहर निकाला। बच्चे को बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।

ऐसे प्लाट की घेरेबंदी करें

पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की। कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद बच्चे की लाश परिजनों को सौंप दी गई। यह घटना गलती से डूबने का मामला लगती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खाली प्लॉट में बारिश का पानी जमा होने के बारे में चिंता जताने के बावजूद अधिकारियों ने समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि ऐसी जगहों को या तो भर दिया जाना चाहिए या उनकी घेरेबंदी की जानी चाहिए।








कोई टिप्पणी नहीं