Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

महापौर प्रवेश वाही ने 135 इलेक्ट्रिक स्वच्छता वाहनों को दिखाई हरी झंडी, स्वच्छ और हरित दिल्ली पर दिया जोर

  नई दिल्ली, 18 जुलाई 2026 : दिल्ली नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार क...

 


नई दिल्ली, 18 जुलाई 2026 : दिल्ली नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-10 में आयोजित कार्यक्रम में 135 इलेक्ट्रिक स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर निगम के स्वच्छता बेड़े में शामिल किया। इनमें से 46 वाहन रोहिणी क्षेत्र में तैनात किए जाएंगे, जबकि शेष वाहन नरेला, सिविल लाइंस और केशवपुरम क्षेत्रों में स्वच्छता सेवाओं को सुदृढ़ करेंगे।

इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र कुमार सिंह, धर्मवीर शर्मा, स्मिता कौशिक, पूनम सैनी, रोहिणी क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति और स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक स्वच्छता वाहनों के संचालन से घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, ईंधन की बचत होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम राजधानी को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य कर रहा है। सभी क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक स्वच्छता संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

महापौर ने कहा कि ठोस कचरा प्रबंधन के नए नियमों के तहत कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण और गीले कचरे का निस्तारण सुनिश्चित करना आवश्यक है। इससे लैंडफिल स्थलों पर जाने वाले कचरे की मात्रा में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने दिल्लीवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ, हरित और सुंदर दिल्ली का निर्माण प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।









कोई टिप्पणी नहीं