नई दिल्ली, 18 जुलाई 2026 : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के अनशन और शनिवार को हुए घटनाक्रम को लेकर आम आद...
नई दिल्ली, 18 जुलाई 2026 : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के अनशन और शनिवार को हुए घटनाक्रम को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली पुलिस ने दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी लिखित सहमति से चिकित्सकीय जांच और स्वास्थ्य देखभाल की गई।
हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि सुबह की घटनाओं के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं की प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट हो गया कि यह कोई "जेन-ज़ी आंदोलन" नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी की युवा शाखा का आंदोलन था। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज और अभिजीत दिपके की प्रतिक्रियाएं इस ओर संकेत करती हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से आम आदमी पार्टी युवाओं को आंदोलन के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन उसे अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। उनके अनुसार, वर्ष 2009 से 2013 के आंदोलन और उसके बाद के राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए दिल्ली और देश के युवा अब गुमराह नहीं होंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि नीट परीक्षा को लेकर शुरू हुआ आंदोलन जून में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने तथा 16 जुलाई को परिणाम घोषित होने के बाद अपना आधार खो चुका है। उनका कहना था कि परीक्षा परिणाम आने के बाद अधिकांश छात्र संतुष्ट हैं।
हर्ष मल्होत्रा ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर युवाओं और अभिभावकों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की, लेकिन स्वयं वहां नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी युवाओं के मुद्दों का समाधान करने के बजाय आंदोलन को राजनीतिक रूप देने का प्रयास कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं