केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुरोध पर उत्तर और पश्चिम दिल्ली के लाखों यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। ...
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुरोध पर उत्तर और पश्चिम दिल्ली के लाखों यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय राजधानी के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी है। अब गाड़ी संख्या 14331 दिल्ली-कालका एक्सप्रेस और 14053 दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी। इससे हिमाचल प्रदेश जाने वाले और पंजाब के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भेजे एक लेटर में यह जानकारी दी है। उन्होंने पत्र में बताया है कि आपके अनुरोध पत्र पर आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी गई है। अब ट्रेन नंबर 14331 दिल्ली-कालका एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 14053 दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर भी रुकेंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रेल मंत्रालय के इस फैसले पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों की जरूरतों और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर उक्त दो ट्रेनों के ठहराव से उत्तर और पश्चिम दिल्ली के लाखों यात्रियों को सुविधा होगी।
समय की होगी बचत
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पहल से उत्तर और पश्चिम दिल्ली के लाखों यात्रियों का समय बचेगा, यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। यही नहीं लोगों को नई दिल्ली या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक जाने की अतिरिक्त परेशानी से राहत मिलेगी।
यात्रियों को सीधा लाभ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली-कालका एक्सप्रेस के आदर्श नगर में ठहरने से कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़ और कालका की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। यही नहीं इस पहल से हिमाचल के विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी यह सुविधा अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
इन जगहों की यात्रा करने वालों को मिलेगी सुविधा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस के ठहराव से कुरुक्षेत्र, फतेहगढ़ साहिब, आनंदपुर साहिब और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खास तौर पर श्री फतेहगढ़ साहिब और श्री आनंदपुर साहिब जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की यात्रा अब उत्तर और पश्चिम दिल्ली के लोगों के लिए पहले की तुलना में अधिक सरल और सुगम हो जाएगी।
दिल्ली के नागरिकों के लिए लगातार हो रहा काम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी के नागरिकों से जुड़े हर विषय पर केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। दिल्ली सरकार केंद्र के साथ मिलकर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर इन दोनों ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दिलाना भी जनहित का एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे हर दिन बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

कोई टिप्पणी नहीं