हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़े गए 69,291 क्यूसेक पानी के कारण दिल्ली में भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यमुना का जलस्तर पुरा...
हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़े गए 69,291 क्यूसेक पानी के कारण दिल्ली में भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यमुना का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर चेतावनी बिंदु 204.50 मीटर को पार कर 204.58 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर के करीब है। अनुमान है कि अगले 72 घंटों में यह पानी दिल्ली पहुंचेगा जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
34 नावें तैनात
इस बीच दिल्ली में यमुना का जलस्तर फिर से बढ़ना शुरू हो गया है। मंगलवार को सुबह यमुना का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर चेतावनी लेवल 204.50 मीटर को पार करके 204.58 मीटर तक पहुंच गया था। इसे देखते हुए दिल्ली सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में 34 नावें तैनात कर दी हैं और टीमें लाउडस्पीकरों से लोगों को निचले इलाकों में लोगों को नहीं जाने की चेतावनी देनी शुरू कर दी हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा
दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है। सीएम रेखा गुप्ता ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। अगर जलस्तर 206 मीटर से ऊपर जाता है, तो निचले इलाकों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।
एहतियाती कदम उठाने के निर्देश
हथिनीकुंड से छोड़े गए पानी के कारण दिल्ली में 48 से 72 घंटों में स्थिति गंभीर हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर में बढ़ोतरी जारी रहने के पूर्वानुमान को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियों को बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली में जोरदार बारिश के आसार
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में दिल्ली और उसके आसपास क्षेत्रों और बारिश की संभावना जताई है। इस कारण यमुना का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
कोई टिप्पणी नहीं