भारी बारिश के चलते शनिवार दिन में दिल्ली के अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट हुई। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 26.4 डिग...
भारी बारिश के चलते शनिवार दिन में दिल्ली के अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट हुई। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 1989 के बाद अगस्त महीने के किसी दिन के लिए यह सबसे कम अधिकतम तापमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक वर्ष 1989 में 28 अगस्त को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इसके बाद अब जाकर अगस्त महीने के किसी एक दिन अधिकतम तापमान में इतनी ज्यादा गिरावट देखने को मिली है।
ऐतिहासिक तौर पर सफदरजंग में अगस्त महीने में सबसे कम अधिकतम तापमान वर्ष 1976 में रिकॉर्ड किया गया था। वर्ष 1976 में 19 अगस्त को अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जो अगस्त महीने के किसी भी दिन के लिए सबसे कम अधिकतम तापमान है। अगस्त महीने में सबसे कम अधिकतम तापमान की दस घटनाओं की सूची अगर बनाई जाए तो शनिवार के दिन को छठवें स्थान पर रखा जाएगा।
अचानक बदला मौसम : तेज उमस और गर्मी का सामना कर रही राजधानी के मौसम में अचानक बदलाव हुआ है। मानसून रेखा करीब आने से दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज हुई। इसके चलते अधिकतम तापमान में नौ डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच भी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
इसलिए हुआ बदलाव : मौसम निगरानी संस्था स्काईमेट के विज्ञानी महेश पालावत बताते हैं कि मानसून रेखा या मॉनसून ट्रफ (कम हवा का दबाव क्षेत्र) पिछले कुछ दिनों से हिमालय की तराई वाले हिस्से और हिमालय के पहाड़ों के ऊपर से गुजर रही थी। इसके चलते हिमाचल और उत्तराखंड में बहुत ज्यादा बारिश की घटनाएं देखने को मिल रही थीं। लेकिन, अब यह मॉनसून ट्रफ दिल्ली से थोड़ा करीब खिसक आई है। इसके साथ ही पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) भी बना हुआ है। इसी के चलते दिल्ली व आसपास के हिस्सों में मौसम में बदलाव हुआ है।
मौसम में हुए बदलाव को इससे भी समझा जा सकता है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बेहद कम अंतर देखने को मिला है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सिर्फ 2.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखने को मिला।
कोई टिप्पणी नहीं