राजधानी दिल्ली को नई रफ्तार देने के लिए प्रगति मैदान-भैरो मार्ग टनल का काम का तेजी से जारी है। दिल्ली के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोमवार को कहा कि आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) से मंजूरी मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी द्वारा टनल का काम आठ से नौ महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
प्रवेश वर्मा ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी और पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों के साथ मिलकर सोमवार को काम का जायजा लेने के लिए टनल का निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि दो साल पहले यमुना में आई बाढ़ और पिछली सरकार की 'लापरवाही' के कारण परियोजना में देरी हुई।
फिलहाल, अंडरपास का केवल आधा हिस्सा ही खोला गया है क्योंकि दूसरा रैंप पूरा नहीं हुआ है। इसे प्रगति मैदान में मेन टनल के साथ खोला जाना था।
यह टनल प्रगति मैदान ट्रांजिट कॉरिडोर का हिस्सा है। इसका मकसद सैंट्रल दिल्ली से सराय काले खां, आईएसबीटी, आश्रम और अन्य क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों के लिए एक मार्ग प्रदान करना है।
दिल्ली में अटकी योजनाओं को फिर से जमीन पर ला रही सरकार
गौरतलब है कि दिल्ली में सरकार बदलने के बाद से विकास कार्यों में तेजी देखी जा रही है। बीते दिनों मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा था कि दिल्ली सरकार वर्षों से अटकी योजनाओं को फिर से जमीन पर ला रही है ताकि हर नागरिक को उसका हक मिल सके। उन्होंने कहा था कि हम उन फाइलों को जमीन पर उतार रहे हैं जो वर्षों से धूल खा रही थीं। दिल्ली में जल शासन अब जवाबदेह, सक्षम और संवेदनशील बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार अब उन महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है जो पिछली सरकारों की सुस्ती के कारण फाइलों में दबी पड़ी थीं। प्रवेश वर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजधानी को स्मार्ट और सुंदर बनाना है और इसके लिए बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। दिल्ली सरकार यमुना रिवरफ्रंट परियोजना और अन्य परियोजनाओं पर काम कर रही है।
0 टिप्पणियाँ