Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

दिल्ली पुलिस ने नंदू गैंग के 2 शूटरों का किया एनकाउंटर, एक मंजीत महल के भांजे की हत्या में था शामिल

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार तड़के कपिल सांगवान उर्फ ​​नंदू गैंग से जुड़े दो शूटरों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। एनकाउंटर ...


दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार तड़के कपिल सांगवान उर्फ ​​नंदू गैंग से जुड़े दो शूटरों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। एनकाउंटर के दौरान दोनोंं ओर से कई राउंड फायरिंंग की गई। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। पकड़े गए अपराधियों की पहचान विजय और सोमवीर के रूप में हुई है। इनमें से एक शूटर दिल्ली के बवाना में हुई गैंगस्टर मंजीत महल के भांजे दीपक की हत्या में शामिल था। पुलिस द्वारा इन बदमाशोंं के पास से दो देसी तमंचे और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस दीपक की हत्या के पीछे का मकसद जानने को जल्द ही दोनों अपराधियों से पूछताछ करेगी। गैंगस्टर मंजीत महल के भांजे दीपक (43) की बीते शुक्रवार सुबह बवाना इलाके में अज्ञात हमलावरों ने उसकी बेटी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उसकी 10 वर्षीय बेटी भी गोली लगने से घायल हो गई थी।


क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पुलिस ने बवाना में हुई दीपक हत्याकांड के दो आरोपियों- सोमवीर उर्फ ​​चीनू और उसके साथी विजय के आने के बारे में विश्वसनीय इनपुट मिला था। इसके आधार पर पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के रणनीति बनाकर एक जाल बिछाया। पुलिस द्वारा आरोपियों से सरेंडर करने की बार-बार चेतावनी के बावजूद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर पांच राउंड गोलियां चला दीं। इस दौरान पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सोमबीर उर्फ ​​चीनू, हरियाणा के हिसार जिले के खेड़ी जालिब गांव का रहने वाला है।


दीपक की हत्या में सीधे तौर पर शामिल था सोमवीर


आरोपी शूटर सोमवीर उर्फ ​​चीनू बवाना के नांगल गांव में हुई दीपक की नृशंस हत्या में सीधे तौर पर शामिल था वहीं विजय चंडीगढ़ सेक्टर 25डी की भास्कर कॉलोनी का निवासी है। 31 वर्ष विजय की कई घटनाओं में संलिप्तता रही है। उसने वर्तमान आरोपी और गैंग के अन्य सदस्यों को शरण देने और रसद उपलब्ध कराने की भूमिका निभाई थी।


पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 देसी पिस्तौल, 7 जिंदा कारतूस, 1 मिसफायर राउंड और 4 फायर किए गए कारतूस बरामद किए गए हैं।


दीपक को कई गोलियां मारी गई थीं


हत्या वाले दिन दीपक अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ मॉर्निंग वॉक पर गया था तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। घटना के समय दीपक के पिता अपने घर के बाहर बैठे थे। हमला नांगल ठाकरान गांव में भगवान परशुराम मंदिर रोड के पास दीपक के घर से सिर्फ 700-800 मीटर की दूरी पर हुआ था। दीपक को कई गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।


हत्या से पहले की थी रेकी


पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला था कि हमलावरों को घर के सभी एंट्री और एग्जिट मार्गों की जानकारी थी। उन्होंने संभवतः इलाके की रेकी की थी और सही समय का इंतजार कर रहे थे। 27 जून की सुबह जैसे ही दीपक अपने घर से बाहर निकला और कुछ दूर चला, हमलावर उसके पास आए और पास से कई राउंड गोलियां मारकर उसे ढेर कर दिया।


इस हत्याकांड के बाद से ही दिल्ली पुलिस की कई टीमें हत्यारों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिशों में जुटी थीं। पुलिस ने बताया था कि सभी ऐंगल से इस हत्याकांड की जांच की जा रही है, जिसमें मंजीत महल और ब्रिटेन में बैठे गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ ​​नंदू के बीच लंबे समय से चल रही दुश्मनी भी शामिल है।




कोई टिप्पणी नहीं