दिल्ली में रोडरेज का मामला सामने आया है। स्कूटी सट जाने के बाद दो पक्षों में हुई बहस के दौरान एक लड़के की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के नजदीक अंबेडकर पार्क के पास हुई।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि पूर्वी दिल्ली की गीता कॉलोनी में रोडरेज की घटना के बाद 19 साल के एक लड़के की हत्या करने के आरोप में एक किशोर और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान रानी गार्डन निवासी यश शर्मा के रूप में हुई है। 27 जून की रात को स्कूटी से हुई मामूली दुर्घटना को लेकर आरोपियों के साथ हुई कहासुनी के बाद उस पर हमला किया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसकी पीठ के निचले हिस्से पर चाकू से गहरा वार किया गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि यह घटना गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास अंबेडकर पार्क के पास हुई। अधिकारी ने बताया कि यश और उसका चचेरा भाई अमन शर्मा स्कूटर से घर लौट रहे थे। इस दौरान स्कूटी की टक्कर रिहान नामक एक आरोपी से हो गई।
उन्होंने कहा कि तीन आरोपियों मोहम्मद अमन, लकी उर्फ हर्षू और एक किशोर ने दोनों का पीछा करना शुरू कर दिया। उसके बाद उनके बीच बहस शुरू हो गई। मोहम्मद अमन के पास चाकू था, जबकि लकी के पास कथित तौर पर पिस्तौल थी।
पुलिस ने बताया कि यश और अमन फ्लाईओवर के पास पुस्ता रोड की ओर भागे, लेकिन मोहम्मद अमन ने यश को पकड़ लिया और चाकू घोंप दिया। बाद में वहां मौजूद लोगों ने यश को ऑटोरिक्शा में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर 28 जून को यमुना खादर इलाके में जाल बिछाया गया। मोहम्मद अमन और लकी के साथ-साथ 15 साल के किशोर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उनके पास से एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने बताया कि हत्या की वजह स्कूटी की टक्कर के बाद हुई हाथापाई थी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के चचेरे भाई ने एक लड़की से प्रेम संबंध होने का संदेह जताया है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई कारण पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि मोहम्मद अमन और लकी हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस ने बताया कि केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
0 टिप्पणियाँ