Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

द्वारका एक्सप्रेसवे पर रफ्तार पर ब्रेक लगाने की तैयारी, गुरुग्राम में 6 चौराहों पर लगेंगे ट्रैफिक सिग्नल

 गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा द्वारका एक्सप्रेसवे के छह चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इनको लगाने के लिए जीएमडी...


 गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा द्वारका एक्सप्रेसवे के छह चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इनको लगाने के लिए जीएमडीए ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा है। ट्रैफिक पुलिस ने जीएमडीए से द्वारका एक्सप्रेसवे के छह चौराहों पर सिग्नल लगाने का आग्रह किया था। इसमें बताया गया था कि इन चौराहों पर वाहन तेज गति से निकलते हैं। ऐसे में सड़क हादसा होने की संभावनाएं बनी रहती हैं।


जीएमडीए ने इन चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए एक कंपनी को टेंडर आवंटित कर दिया था। अब सिग्नल लगाने से पहले एनएचएआई से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा है। बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह तक यह अनापत्ति प्रमाण पत्र मिल जाएगा। इसके बाद इन सिग्नल को 20 जुलाई तक लगा दिया जाएगा।


इन चौराहों पर सिग्नल लगेंगे 

 
जीएमडीए के मुताबिक सेक्टर-84-88-36ए के चौराहे, बसई-गढ़ी रोड, सेक्टर-101-102-102ए-104 चौक, सेक्टर-102ए-103-104 चौक, सेक्टर-103-104-105-106 चौक (राम चौक) और सेक्टर-105-106-109-110 चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे।

लोग बोले, तेज रफ्तार में आते हैं वाहन


सेक्टर-102ए स्थित इम्पीरियल गार्डन सोसाइटी की आरडब्ल्यूए के उप-प्रधान सुनील सरीन ने बताया कि सेक्टर-102-102ए की मुख्य सड़क का निर्माण जीएमडीए ने हाल में किया है। ऐसे में वाहन अब तेज गति से द्वारका एक्सप्रेसवे के चौराहे से निकलते हैं। इस वजह से सड़क हादसा होने का डर बना रहता है। ट्रैफिक सिग्नल लगने से काफी हद तक सड़क दुर्घटना जैसी स्थिति से बचा जा सकता है।


सेक्टर-108 स्थित शोभा सिटी सोसाइटी के प्रवीण कौशल ने बताया कि सेक्टर-109 में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास एक शॉपिंग मॉल है, जहां पर रोजाना सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। गोल चक्कर पर सिग्नल की जरूरत है।


कर्नल आरडी सिंघल, मुख्य महाप्रबंधक, मोबिलिटी शाखा, जीएमडीए, ''द्वारका एक्सप्रेसवे के छह चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इसको लेकर एनएचएआई से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा गया है। अगले सप्ताह तक यह मिलने की उम्मीद है। 20 जुलाई तक सुरक्षित सफर के लिए सिग्नल लगा दिए जाएंगे।''




कोई टिप्पणी नहीं