Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी जोया खान के खिलाफ पुलिस ने और कसा शिकंजा, अब उठाया यह कदम

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जेल में बंद गैंगस्टर हाशिम अहमद उर्फ बाबा की तीसरी पत्नी जोया खान के खिलाफ और कड़ा शिकंजा कसते हुए उसके खिलाफ ...


दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जेल में बंद गैंगस्टर हाशिम अहमद उर्फ बाबा की तीसरी पत्नी जोया खान के खिलाफ और कड़ा शिकंजा कसते हुए उसके खिलाफ मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि जोया खान पर दिल्ली में अपने पति के क्राइम सिंडिकेट (अपराध गिरोह) को चलाने का आरोप है। जोया खान को इस साल फरवरी में ड्रग तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले पिछले साल फर्श बाजार इलाके में एक व्यवसायी की हत्या और दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में जिम मालिक नादिर शाह की हत्या समेत कई मामलों में भी उससे पूछताछ की गई थी।


पुलिस का आरोप है कि जोया, तिहाड़ जेल में बंद अपने पति हाशिम बाबा के गिरोह का संचालन कर रही थी। पुलिस ने बताया कि स्पेशल सेल अगले हफ्ते आगे की पूछताछ के लिए जोया खान की हिरासत मांगेगी। हाशिम बाबा लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सहयोगी है। वह हत्या और जबरन वसूली समेत कई मामलों में शामिल रह चुका है।


बता दें कि हाशिम बाबा ने जमानत पर बाहर रहते हुए साल 2017 में जोया खान से शादी की थी। बाबा को साल 2020 में गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद है। इस साल फरवरी में स्पेशल सेल ने नादिर शाह हत्याकांड में जोया खान को गिरफ्तार किया था। रिमांड की मांग करते हुए दिल्ली पुलिस ने कहा था कि व्यापक साजिश का पर्दाफाश करना और अपराध में जोया खान की मिलीभगत का पता लगाना जरूरी है। सुनवाई के दौरान अपने बचाव में जोया खान ने कहा था, 'मेरा एकमात्र अपराध यह है कि मैं हाशिम बाबा की पत्नी हूं। मैं उनके खिलाफ पहले के किसी भी मामले में शामिल नहीं हूं।'

 
उधर जोया खान के वकील ने दलील दी थी कि गिरफ्तार आरोपियों द्वारा किए गए किसी भी खुलासे में जोया का नाम नहीं आया है। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया था कि जांच एजेंसी द्वारा बुलाए जाने पर जोया ने दो मौकों पर जांच में सहयोग भी किया था।



कोई टिप्पणी नहीं