Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

ग्रेटर नोएडा मेट्रो के 12 स्टेशनों पर शुरू होंगी पार्किंग, 4 जगहों पर पहले से ही चालू

  नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो लाइन के 12 स्टेशनों पर पार्किंग चलाने के लिए तीन एजेंसियां आगे आईं हैं। अब इन एजेंसियों की तकनीकी बिड के तहत जां...

 


नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो लाइन के 12 स्टेशनों पर पार्किंग चलाने के लिए तीन एजेंसियां आगे आईं हैं। अब इन एजेंसियों की तकनीकी बिड के तहत जांच पूरी करने के बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि फाइनेंशियल बिड में एजेंसियों का चयन होते ही उन्हें पार्किंग चलाने का जिम्मा दे दिया जाएगा।


नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) के अधिकारियों ने बताया कि इस लाइन पर 21 मेट्रो स्टेशन हैं। एनएमआरसी ने इनमें से 16 स्टेशन पर ही पार्किंग शुरू करने की योजना कुछ साल पहले तैयार की थी। बाकी बचे पांच स्टेशन पर नाममात्र की सवारियां आती-जाती हैं। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे में अभी इन जगह पार्किंग शुरू करने की योजना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि 16 में से चार स्टेशन पर दो महीने पहले पार्किंग शुरू हो चुकी है। इनमें सेक्टर-51, सेक्टर-142, 146, और अल्फा वन स्टेशन हैं। बाकी बचे 12 स्टेशन पर पार्किंग शुरू करने के लिए एनएमआरसी कई महीने से टेंडर जारी कर रहा था। अब जाकर तीन एजेंसियां पार्किंग चलाने के लिए आगे आईं हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इन स्टेशनों पर पार्किंग के लिए डिजिटल बूम बैरियर और ऑटोमेटिक बैरियर लगाए जाएंगे, जिससे आने-जाने का समय और पार्किंग शुल्क का ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। लोग नकद भुगतान भी कर सकेंगे। पार्किंग शुरू होने से अपने वाहनों को मेट्रो स्टेशन के पास सुरक्षित रूप से खड़े करने में लोगों को मदद मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि पार्किंग स्थल सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक खुले रहेंगे और रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक संचालन बंद रहेगा।


बहुमंजिला परिसर तैयार होगा


सेक्टर अल्फा वन मेट्रो स्टेशन पर ही वाहनों के लिए बहुमंजिला पार्किंग तैयार की जाएगी। यहां पर एक हजार से अधिक वाहन खड़ हो सकेंगे। अल्फा वन मेट्रो स्टेशन पर काफी संख्या में लोग आते-जाते हैं। यहां पर पार्किंग बन जाने से मेट्रो स्टेशन के अलावा आसपास आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने में सहूलियत होगी। गौरतलब है कि एक्वा लाइन के 10 मेट्रो स्टेशन को को-ब्राडिंग के तहत देने के लिए योजना भी लाई जाएगी।


आधुनिक सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे


एक्वा लाइन की मेट्रो व स्टेशनों पर हाइटेक सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी है। नए सिरे से इस लाइन के 21 स्टेशनों पर कैमरे लगाए जाएंगे। अभी लगे सीसीटीवी की तुलना में ये हाईटेक होंगे। अभी कैमरों के लिए जो कंट्रोल रूम बना हुआ है उसी से इनकी निगरानी व बैकअप की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा टेंडर की शर्तों में अन्य चीजों को शामिल किया गया है। गौरतलब है कि इस लाइन के 21 स्टेशनों की रोजाना की राइडरशिप 55 हजार से अधिक चल रही है।




कोई टिप्पणी नहीं