दैनिक सरोकार ! देव कुमार / भुवनेश्वर : पुरी जगन्नाथ मंदिर में गैर-हिंदुओं के बार-बार प्रवेश के बाद मंदिर प्रशासन अब सतर्क हो गया है। सिंह...
दैनिक सरोकार ! देव कुमार / भुवनेश्वर : पुरी जगन्नाथ मंदिर में गैर-हिंदुओं के बार-बार प्रवेश के बाद मंदिर प्रशासन अब सतर्क हो गया है। सिंहद्वार में जगन्नाथ टेंपल पुलिस (जेटीपी) के साथ प्रतिहारी सेवकों को भी सुरक्षा में तैनात करने की अनुमति दी गई है। 14 अप्रैल से वे सिंह द्वार पर पहरा देंगे और गैर-हिंदुओं पर नजर रखेंगे।
पुरी जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति के एक सदस्य माधव महापात्र ने मीडिया को बताया कि पहले सिंह द्वार प्रतिहारी सेवा थी। श्रीमंदिर सत्वलिपी के पैरा-19 में इस सेवा का उल्लेख है। हालांकि, यह सेवा लंबे समय बंद थी। अब जब गैर-हिंदू प्रवेश अक्सर देखने को मिल रहा है तो पिछली प्रबंध समिति की बैठक में इस पर चर्चा हुई थी। सिंहद्वार प्रतिहारी सेवा को फिर से शुरू करने का प्रस्ताव था।
मंदिर प्रबंधन समिति ने भी इस पर सहमति जताई है। आगामी 14 अप्रैल से सिंहद्वार में प्रतिहारी सेवकों को तैनात किया जाएगा। शुरुआती चरण में चार प्रतिहारी सेवक सिंहद्वार पर पहरा देंगे। इसके बाद दूसरे दरवाजे पर प्रतिहारी सेवकों को नियोजित किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले दो महीनों में तीन से अधिक गैर-हिंदुओं को मंदिर में प्रवेश करते हुए पकड़ा गया है। एक विदेशी महिला को सेवादारों ने पकड़ लिया, जब वह मंदिर में प्रवेश कर गई और बाईस सीढ़ियों से गुजर रही थी। बाद में पुलिस विदेशियों को थाने ले आई। दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ और वेरिफिकेशन के बाद उन्हें छोड़ दिया।
कुछ दिनों बाद कुछ बांग्लादेशी जगन्नाथ मंदिर में प्रवेश कर गए। उन्हें भी थाने लाया गया और पूछताछ कर छोड़ दिया गया। इसी तरह इंग्लैंड का एक युवक मंदिर में घुस गया और भगदड़ मचा दी। बेहरान गेट के पास गया और मंदिर की लकड़ी में घुसने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान जब पुलिस और सेवादारों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने सेवादारों और पुलिस पर हमला कर दिया। महापात्र ने बताया कि इस तरह की घटनाएं बार-बार होने के बाद मंदिर प्रबंधन समिति व प्रतिहरी नियोग के प्रस्ताव पर दोबारा सिंहद्वार प्रतिहारी सेवा प्रारंभ होने जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं